टूर्नामेंट के लिए जारी खिलाड़ियों की सूची में अनुभवी भारतीय खिलाड़ी मिताली राज, झूलन गोस्वामी और शिखा पांडे को किसी टीम में जगह नहीं मिली है। इन खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट का पिछला संस्करण खेला था।
स्टार भारतीय खिलाड़ी स्मृति मंधाना, हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा को 23 मई से पुणे में होने वाले महिला टी-20 चैलेंज क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए सोमवार को तीन टीम का कप्तान बनाया गया। बीसीसीआई ने प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ियों को जगह दी है। हरमनप्रीत को सुपरनोवाज, मंधाना को ट्रेलब्लेजर्स और दीप्ति को वेलोसिटी टीम की कमान सौंपी गई है। पिछला टूर्नामेंट 2020 में हुआ था जिसे ट्रेलब्लेजर्स ने जीता था।
विज्ञापन
मिताली, झूलन को नहीं मिली जगह
टूर्नामेंट के लिए जारी खिलाड़ियों की सूची में अनुभवी भारतीय खिलाड़ी मिताली राज, झूलन गोस्वामी और शिखा पांडे को किसी टीम में जगह नहीं मिली है। इन खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट का पिछला संस्करण खेला था। बीसीसीआई ने इनके बारे में बयान जारी करते हुए कहा कि मिताली और झूलन को आराम दिया गया है। आगामी सत्र महिला चैलेंज का अंतिम टूर्नामेंट होगा क्योंकि बीसीसीआई अगले साल से पूर्ण महिला आईपीएल के आयोजन की योजना बना रहा है।
टूर्नामेंट में 12 विदेशी खिलाड़ी भी
इस टूर्नामेंट में 12 विदेशी खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगी जिसमें दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेेबाज लॉरा वोलवार्ट और दुनिया की नंबर एक गेंदबाज सोफी एकलेस्टोन भी शामिल हैं। थाइलैंड की नथाकेन चेनतम दूसरी बार टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली ऑस्ट्रेलिया की एकमात्र खिलाड़ी लेग स्पिनर एलेना किंग हैं जबकि इंग्लैंड की खिलाड़ियों एकलेस्टोन के अलावा सोफिया डंकले और केट क्रॉस भी शामिल हैं। बांग्लादेश की सलमा खातून और शरमिन अख्तर को भी चुना गया है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वालीं वेस्टइंडीज की खिलाड़ी डिएंड्रा डोटिन और हेली मैथ्यूज हैं।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान सुने लुस और वोलवार्ट सुपरनोवाज और वेलोसिटी का प्रतिनिधित्व करेंगी। हाल में संपन्न सीनियर महिला टी-20 टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को टीम में जगह मिली है। टूर्नामेंट की सबसे सफल बल्लेबाज केपी नवगिरे और सबसे सफल गेंदबाज आरती केदार वेलोसिटी के लिए खेलेंगी।