फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला टी20 में भारत की सबसे बड़ी जीत: पूरी श्रीलंकाई टीम मंधाना को भी नहीं छोड़ सकी पीछे, दूसरी बार जीता सोना

Tue, 22 Sep 2026 01:59 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, निशिन

सार

भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म किया। भारत ने श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में हराया। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम स्मृति मंधाना के स्कोर से भी कम पर ऑलआउट हो गई। भारत ने इस तरह टी20 में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।
विज्ञापन
भारतीय महिला टीम - फोटो : BCCI Women
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स 2026 में पहला स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारतीय टीम ने इसके साथ ही एशियाड में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। भारत ने इससे पहले हांग्झू एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीता था। भारत ने फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 216 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 15.4 ओवर में 69 रन पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय महिला टीम ने 147 रनों के अंतर से जीत दर्ज की। एशियन गेम्स में श्रीलंका ने रजत और पाकिस्तान ने महिला क्रिकेट में कांस्य पदक अपने नाम किया। 
विज्ञापन

भारतीय महिला टीम - फोटो : BCCI Women
स्वर्ण पदक का इंतजार हुआ खत्म
भारत ने एशियन गेम्स के तीसरे दिन आखिरकार स्वर्ण पदक का इंतजार खत्म किया। भारत ने पहले दो दिन चार रजत और दो कांस्य जीते थे, लेकिन स्वर्ण का इंतजार बढ़ता ही जा रहा था। हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय महिला टीम ने अब ये इंतजार खत्म कर दिया। भारतीय टीम शुरुआत से ही खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी और टीम ने अपना दबदबा जारी रखा।

भारत ने बनाया एशियाड का सर्वोच्च स्कोर
भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में बड़ा कीर्तिमान भी बनाया। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ स्वर्ण पदक मुकाबले में तीन विकेट पर 216 रन बनाए। ये एशियाड में महिला क्रिकेट का सर्वोच्च टोटल है। एशियाड में दूसरी बार हुआ है जब महिला क्रिकेट में 200 रनों का आंकड़ा पार हुआ है। इससे पहले ये रिकॉर्ड हॉन्गकॉन्ग के नाम था जिन्होंने 2023 में मंगोलिया के खिलाफ चार विकेट पर 202 रन बनाए थे। 

एशियन गेम्स - फोटो : BCCI Women
मंधाना, शेफाली और ऋचा का दिखा दम
भारत के लिए इस मैच में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अर्धशतक लगाया, जबकि ऋचा घोष और शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी की। भारत को मंधाना और शेफाली ने दमदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की। मंधाना ने 30 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। शेफाली हालांकि, पचासा नहीं जड़ सकीं और 48 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद भारत को कप्तान हरमनप्रीत कौर के रूप में दूसरा झटका लगा जो 19 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना ने अपनी पारी जारी रखी, लेकिन वह 45 गेंदों पर पांच चौकों और सात छक्कों की मदद से 79 रन बनाकर आउट हुईं। 

इसके बाद ऋषा घोष ने तूफानी बल्लेबाजी की और भारत का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। ऋचा और भारती फुलमाली के बीच चौथे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी हुई। ऋचा 22 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 49 और भारती सात रन बनाकर नाबाद रहीं। श्रीलंका की ओर से सुगंदिका कुमारी, कविषा दिलहारी और चामुदी प्रबोदा को एक-एक विकेट मिला। 

भारतीय गेंदबाजों के सामने ढेर हुआ श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम
विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका कभी भी लक्ष्य हासिल करने के करीब नजर नहीं आया। टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और आलम ये रहा कि पूरी श्रीलंकाई टीम मंधाना के स्कोर को भी पीछे नहीं छोड़ सकी। मंधाना ने अकेले 79 रन बनाए, जबकि श्रीलंका की पूरी टीम मिलाकर 69 रन ही बना सकी। भारत की महिला टी20 क्रिकेट में रनों के लिहाज से ये सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उन्होंने 2018 एशिया कप में मलयेशिया को 142 रनों से हराया था।

महिला टी20 में भारत की सबसे बड़ी जीत (रनों के अंतर से)
जीत का अंतर बनाम स्थान टूर्नामेंट/ वर्ष
147 श्रीलंका निशिन एशियन गेम्स 2026
142 मलेशिया कुआलालंपुर एशिया कप 2018
137 हॉन्गकॉन्ग  दुबई एशिया कप 2026
114 बांग्लादेश  निशिन एशियन गेम्स 2026
104 यूएई सिलेट एशिया कप 2022
विज्ञापन

टी20 में भारत के जीत का सिलसिला जारी
भारतीय महिला टीम ने टी20 में लगातार आठवां मुकाबला अपने नाम किया। ये इस प्रारूप में महिला टीम का सबसे लंबा जीत का सिलसिला है। उन्होंने 2018 में लगातार सात टी20 मुकाबले अपने नाम किए थे। लेकिन अब टीम ने अपने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। श्रीलंका के खिलाफ भी भारतीय टीम का दबदबा कायम है। श्रीलंका ने भारत को आखिरी बार 2024 एशिया कप के फाइनल में हराया था। इसके बाद से भारतीय महिला टीम ने इस टीम के खिलाफ लगातार आठ मुकाबले जीते हैं। श्रीलंका को भारत ने 10 दिन के दूसरी बार बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में हराया है। एशियन गेम्स फाइनल से पहले भारत ने श्रीलंका को एशिया कप के फाइनल में भी हराया था। 

भारत बनाम श्रीलंका महिला टूर्नामेंट्स फाइनल (टी20) के परिणाम
वर्ष टूर्नामेंट परिणाम अंतर
2022 एशिया कप भारत जीता 8 विकेट से जीत
2023 एशियन गेम्स भारत जीता 19 रन से जीत
2024 एशिया कप श्रीलंका जीता 8 विकेट से जीत
2026 एशिया कप भारत जीता 72 रन से जीत
2026 एशियन गेम्स भारत जीता 147 रन से जीत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें