महिला एशिया कप का आयोजन यूएई में होने की संभावना है, लेकिन एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) ने अभी तक इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की है। यह आठ टीमों का टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच खेला जाना तय माना जा रहा है, हालांकि सभी भाग लेने वाली टीमों को अनौपचारिक रूप से इन तारीखों के लिए तैयारी करने को कह दिया गया है।
आठ टीमें लेंगी हिस्सा
यह टी20 एशिया कप का छठा संस्करण होगा, जिसमें भाग लेने वाली आठ टीमें गत विजेता श्रीलंका, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, मलयेशिया, थाईलैंड और मेजबान यूएई हैं। ईएसपीएन क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, एसीसी ने अभी तक शेड्यूल, तारीखों और वेन्यू की घोषणा नहीं की है, क्योंकि उसे अपने नेतृत्व से अंतिम स्वीकृति मिलने का इंतजार है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी वर्तमान में एसीसी के प्रमुख हैं।
एसीसी से संपर्क कर रही टीमें
22 जुलाई को टीमों को भेजे गए एक ईमेल में, जिसमें टूर्नामेंट का लोगो भी साझा किया गया था, एसीसी ने कहा था कि वेन्यू को फिलहाल अंतिम रूप दिया जा रहा है, लेकिन उसे उम्मीद है कि टीमें 27 अगस्त को पहुंच जाएंगी और फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को होगा। यह समझा जा रहा है कि भाग लेने वाली टीमें लॉजिस्टिक्स के लिए अंतिम शेड्यूल को लेकर एसीसी से संपर्क कर रही हैं। मालूम हो कि जापान में आयोजित होने वाले 2026 एशियाई खेलों के महिला क्रिकेट मुकाबले 17 से 24 सितंबर के बीच निर्धारित हैं।