कप्तान वीरेंद्र सहवाग, ओपनर गौतम गंभीर, विराट कोहली और तेज गेंदबाज इशांत शर्मा के बिना दिल्ली को यहां शुक्रवार से फिरोजशाह कोटला मैदान में उड़ीसा के खिलाफ शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी ग्रुप ‘बी’ मैच में अपना दम दिखाना होगा। दिल्ली का उत्तर प्रदेश के खिलाफ सत्र के पहले मैच में काफी निराशाजनक प्रदर्शन रहा था और उसे छह विकेट की करारी हार मिली थी।
दिल्ली को इस हार से उबरते हुए उड़ीसा के खिलाफ दूसरे मैच में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। दूसरी तरफ ओडिसा का तमिलनाडु के खिलाफ कटक में वर्षा प्रभावित मैच ड्रा रहा था जिसमें दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला था। दिग्गजों की अनुपस्थिति में दिल्ली का दारोमदार अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान उन्मुक्त चंद, पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास और विकेटकीपर पुनीत बिष्ट के ऊपर होगा।
गेंदबाजी में दिल्ली को परविंदर अवाना, अनुभवी आशीष नेहरा, प्रदीप सांगवान, सुमित नरवाल और सुयाल में से तीन तेज गेंदबाजों को चुनना होगा। युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर विकास मिश्रा पर भी सभी की निगाहें रहेगी।
मुंबई को खलेगी स्टार खिलाड़ियों की कमी
एक अन्य मैच में मुंबई का मुकाबला मौजूदा चैंपियन राजस्थान से होगा। मुंबई अपने चार प्रमुख खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर, तेज गेंदबाज जहीर खान और अजीत अगरकर तथा ओपनर अजिंक्य रहाणे के बिना उतरेगी। हालांकि चोटिल अगरकर की जगह टीम की कप्तानी संभाल रहे रोहित शर्मा ने इस मैच में टीम के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
रोहित ने कहा, ‘सचिन और जहीर टीम के नियमित खिलाड़ी नहीं हैं। टीम में अन्य अच्छे बल्लेबाज भी हैं लेकिन प्रमुख गेंदबाज अगरकर की अनुपस्थिति खलेगी। हमने राजस्थान के खिलाफ कोई विशेष रणनीति तैयार नहीं की है और मैंने अभी तक पिच भी नहीं देखी है। यह हमारे लिए एकदम नई है। मैच शुरू होने से पहले पिच देखकर अंतिम एकादश की घोषणा की जाएगी।’ दूसरी तरफ राजस्थान टीम के कप्तान ऋषिकेश कानितकर ने भी मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की आशा व्यक्त की।