टीम इंडिया के टी-20 फार्मेटों के सफल बल्लेबाजों में शुमार केएल राहुल को विजडन इंडिया ने बड़े सम्मान के लिए चुना है। दरअसल, बीते दिन विजडन इंडिया अलमैनेक का छठा संस्करण रिलीज हुआ है, जिसमें केएल राहुल को साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया है।
गौरतलब है कि केएल राहुल टी-20 फार्मेट के सफल बल्लेबाजों में शुमार हैं। वह टी-20 मैचों में कप्तान विराट कोहली से भी ज्यादा रन औसत रखने वाले बल्लेबाज हैं। केएल राहुल का टी-20 में रन औसत 50.89 और विराट कोहली का रन औसत 50.85 है।
बता दें कि अलमैनेक ने वर्ल्ड कप के जश्न का फोटो मेन पेज पर छापकर भारतीय महिला क्रिकेटरों को भी खास तवज्जो दी है। विराट कोहली सबसे सफल भारतीय और इंटरनेशनल क्रिकेटर रहे लेकिन इस साल फोकस इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में मैचों पर होगा।
सुरेश मेनन ने संपादकीय में लिखा, 'कोहली आंकड़ों के मामले माहिर हैं। वह विदेश में अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो क्रिकेट इतिहासकारों के भी लाडले हो जाएंगे।' वहीं, महिला वर्ल्ड कप के सितारों में से एक दीप्ति शर्मा को वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में से चुना गया। भारत की पहली महिला सुपरस्टार शांता रंगास्वामी को विजडन हाल आफ फेम में इरापल्ली प्रसन्ना के साथ रखा गया। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में प्रियांक पांचाल, हसन अली और तामिम इकबाल भी शामिल रहे।