दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज वियान मुल्डर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन टेस्ट इतिहास का दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक जड़ा। मुल्डर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की। मुल्डर इस मैच में कप्तानी कर रहे हैं और वह दक्षिण अफ्रीका के पहले कप्तान हैं जिन्होंने तिहरा शतक लगाया है। मुल्डर ने 297 गेंदों पर तिहरा शतक पूरा किया।
मुल्डर 334 गेंदों पर 49 चौकों और चार छक्कों की मदद से 367 रन बनाकर नाबाद रहे जिससे दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 626 रन बनाकर घोषित की। दक्षिण अफ्रीका के लिए मुल्डर के अलावा डेविड बेडिंघम ने 82, लुहान ड्री प्रिटोरियस ने 78, डेवाल्ड ब्रेविस ने 30, टॉनी डि जॉर्जी ने 10 और लेसेगो सेनोवाने ने तीन रन बनाए, जबकि काइल वेरेने 42 रन बनाकर नाबाद लौटे।
अमला की बराबरी पर पहुंचे
मुल्डर से तेज तिहरा शतक सिर्फ भारत के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लगाया है। सहवाग ने 2008 में चेन्नई में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 278 गेंदों पर तिहरा शतक लगाया था। मुल्डर दक्षिण अफ्रीका के दूसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने टेस्ट में तिहरा शतक लगाया है। उनसे पहले हाशिम अमला ने 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 311 रन बनाकर ऐसा किया था। दूसरे दिन मुल्डर ने 264 रन से आगे खेलना शुरू किया और ज्यादा देर किए बिना अपना तिहरा शतक पूरा किया।
तिहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा टेस्ट कप्तान बने मुल्डर
मुल्डर ने अपनी इस पारी से कई रिकॉर्ड बनाए। वह पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने कप्तानी में अपने डेब्यू पर तिहरा शतक लगाया है। उन्होंने कप्तान के तौर पर डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में न्यूजीलैंड के ग्राहम डोवलिंग को पीछे छोड़ा जिन्होंने 1969 में भारत के खिलाफ 239 रन बनाए थे। वहीं, मुल्डर दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान के तौर पर सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में ग्रीम स्मिथ को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ 277 रन बनाए थे। 27 साल 138 दिन की उम्र में तिहरा शतक लगाने वाले मुल्डर सबसे युवा टेस्ट कप्तान बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान बॉब सिम्प्सन का 61 वर्ष पुराना रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 1964 में इंग्लैंड के खिलाफ 28 साल की उम्र में 311 रन बनाए थे।