टीम इंडिया और
दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जा रहे जोहानसबर्ग टेस्ट विवादित होता नजर आ रहा है। तीसरे दिन का खेल समय से बंद होने से
टीम इंडिया के कप्तान
विराट कोहली और खिलाड़ी दोनों ने नाराजगी जाहिर की है।
दरअसल जसप्रीत बुमराह की एक गेंद डीन एल्गर के हेलमेट में लगने से अंपायरों ने मैच को वक्त से पहले ही रोक दिया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए टीम इंडिया के मैनेजर
सुनील सुब्रमण्यम
और
अजिंक्य रहाणे ने अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रहाणे ने कहा कि "यह काफी चुनौतीपूर्ण मुकाबला है। विकेट दोनों टीमों के लिए एक जैसा है। यह प्रत्येक टीम के सदस्य के एक जैसा है। हमारा मानना है कि हम खेलना चाहते हैं और हम इस मैच को जीतेंगे। एल्गर को जो बॉल लगी, वह बैग ऑफ लेंग्थ बॉल थी। उसमें सामान्य से ज्यादा उछाल मिला। इस पिच पर उछाल पूरी तरह से स्वाभाविक था। यह बिल्कुल भी खतरनाक नहीं है, दोनों के लिए पूरी तरह से समान है। अंपायर मुझसे बार-बार पूछ रहे थे क्योंकि मेरे कोहनी और दस्ताने पर गेंद लगी थी। वे मुझसे पूछ रहे थे कि तुम्हें फीजियो की जरूरत तो नहीं है और अच्छी तरह से खेलें, जल्दबाजी न करें। जब आप नई बॉल से बैटिंग करते हैं तो मुश्किल तो आती है लेकिन आप इसे खतरनाक विकेट नहीं कह सकते।
रहाणे ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि विकेट बहुत खतरनाक है। मेरा उम्मीद है कि डीन एल्गर ठीक हैं। जब मैं और विराट बल्लेबाजी कर रहे थे तो यह अंपायर का निर्णय था। हमने उन्हें बताया कि हम खेल जारी रखना चाहते हैं, हम वापस नहीं जाना चाहते।"
वहीं, टीम इंडिया के मैनेजर
सुनील सुब्रमण्यम ने कहा कि अभी तीसरे दिन का खेल खत्म हुआ है। भारत इस मैच को आगे जारी रखना चाहता है।