मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का विकेट लेकर दिल्ली डेयरडेविल्स के तेज गेंदबाज इशांत शर्मा फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने सचिन के विकेट को मैन ऑफ द मैच से भी बड़ी खुशी बताया है।
इशांत ने तेंदुलकर के विकेट को उनके कैरियर का एक बड़ा क्षण और अद्भुत एहसास बताया है। गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज इशांत ने बुधवार को सचिन और दिनेश कार्तिक के विकेट एक ही ओवर में झटके थे।
इशांत ने कहा, "मैं आपको बता नहीं सकता कि सचिन का विकेट लेने की अनुभूति क्या है। मैंने जब क्रिकेट खेलना शुरू किया था तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं सचिन जैसे महान बल्लेबाज के सामने गेंदबाजी कर पाऊंगा या उनके खिलाफ खेल पाऊंगा। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का विकेट लेना किसी भी गेंदबाज के लिए एक बड़ा सपना होता है।"
‘मैन ऑफ द मैच रहे’ इशांत ने अपने प्रदर्शन के बारे में कहा, "मैंने परिस्थितियों और हर बल्लेबाज के लिए बनाई गई योजना के लिहाज से गेंदबाजी की। मैंने बल्लेबाजों के रुतबे के बारे में सोचे बिना अपनी पूरी ताकत के साथ गेंदबाजी की। मुझे इस बात की खुशी है कि एक ईकाई के तौर पर हमने अच्छी गेंदबाजी की।"
गौरतलब है कि सनराइजर्स हैदराबाद ने मुंबई इंडियंस की शक्तिशाली बल्लेबाजी पर अंकुश लगाते हुए टीम को 129 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया था। इशांत ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 15 रन पर दो विकेट चटकाए। उन्होंने एक ही ओवर में सचिन और कार्तिक को आउट कर मुंबई को गहरे दबाव में ला दिया, जिससे मेहमान टीम फिर उबर नहीं पाई। मैच में हैदराबाद ने मुंबई को 7 विकेट से करारी मात दी।