वेस्टइंडीज बनाम पापुआ न्यू गिनी
- फोटो : ICC/T20 world cup
टी20 विश्व कप 2024 के तहत ग्रुप सी का पहला और दिन का दूसरा मुकाबला वेस्टइंडीज और पीएनजी के बीच खेला गया। इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पीएनजी ने सेसे बाऊ की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 136 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज ने 19 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 137 रन बनाए। रोवमैन पॉवेल की टीम ने यह मुकाबला छह गेंदों के शेष रहते हुए पांच विकेट से मैच जीत लिया।
रॉस्टन-रसल ने अंतिम ओवरों में पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत झटके के साथ हुई। एली नाओ ने जॉनसन कार्ल्स को अपना शिकार बनाया। वह बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा निकोलस पूरन ने संभाला। उन्होंने सलामी बल्लेबाज ब्रैंडन किंग के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी निभाई। जॉन करिको ने विकेटकीपर बल्लेबाज पूरन को नौवें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया। वह एक चौके और दो छक्के की मदद से 27 रन बनाने में कामयाब हुए। वहीं, किंग 34 रन बनाकर डगआउट को लौट गए। इस मैच में रोवमैन पॉवेल 15 और रदरफोर्ड दो रन बनाकर आउट हुए। डेथ ओवर्स में रॉस्टन चेज और आंद्रे रसल ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 40 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। पीएनजी के खिलाफ रॉस्टन ने 42 रन बनाए जबकि रसल ने 15 रन बनाए। पीएनजी के लिए असद वाला ने दो विकेट चटकाए जबकि एली, सोपर और करिको को एक-एक सफलता मिली।
टी20 विश्व कप में पीएनजी के लिए अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने सेसे
टी20 विश्व कप में पापुआ न्यू गिनी के लिए शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज सेसे बाऊ बन गए। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे इस खिलाड़ी ने 43 गेंदों का सामना किया और 50 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और एक छक्का निकला। बाऊ से पहले यह कारनामा पीएनजी के कप्तान असद वाला ने किया था। वह इस अर्धशतक से पहले टी20 विश्व कप में पीएनजी के लिए फिफ्टी लगाने वाले इकलौते बल्लेबाज थे।
पीएनजी की पारी
पीएनजी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 136 रन बनाए हैं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पीएनजी की शुरुआत कुछ खास नहीं हुई। सलामी बल्लेबाजी के लिए उतरे टॉनो ऊरा सिर्फ दो रन बना सके। उन्हें रोमारियो शेफर्ड ने पांच रन के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद टीम को दूसरा झटका लीगा सियाका के रूप में लगा। वह सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद मोर्चा सेसे बाऊ और कप्तान असद वाला ने संभाला। दोनों के बीच 27 रनों की साझेदारी हुई जिसे अल्जारी जोसेफ ने तोड़ा। वेस्टइंडीज के खिलाफ वाला 21 रन बनाकर आउट हुए। इस मुकाबले में सेसे ने 5, हीरि हीरि ने दो, चार्ल्स एमिनी ने 12, किप्लीन डॉर्जिया ने 27 (नाबाद), चैड सोपर ने 10, एएली नाओ शून्य और काबुआ मोरिया ने दो रन (नाबाद) बनाए। वेस्टइंडीज के लिए रसल और जोसेफ ने दो-दो विकेट चटकाए। वहीं, अकील हुसैन, रोमारियो शेफर्ड और गुडाकेश को एक-एक सफलता मिली।