वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेडन सील्स ने मंगलवार को घातक गेंदबाजी की और टीम को तीसरे वनडे में पाकिस्तान पर जीत दिलाई। टैरोबा में खेले गए इस मुकाबले में जेडन ने कुल छह विकेट हासिल किए और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। बता दें कि, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने छह विकेट पर 294 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 92 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। वेस्टइंडीज ने यह सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।
जेडन सील्स ने तोड़ा स्टेन का रिकॉर्ड
इस मुकाबले में जेडन सील्स ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने 2.45 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 7.2 ओवर में सिर्फ 18 रन खर्च किए और छह विकेट चटकाए। पाकिस्तान के खिलाफ यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसी के साथ सील्स ने डेल स्टेन के 12 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। दरअसल, स्टेन ने 2013 में केबेरहा में नौ ओवर में 39 रन देकर छह विकेट झटके थे। अब सील्स ने यह कारनामा 7.2 ओवर में ही कर दिखाया। उन्होंने पाकिस्तान के सईम अयूब, अब्दुल्लाह शफीक, मोहम्मद रिजवान, बाबर आजम, नसीम शाह और हसन अली को अपना शिकार बनाया।
वेस्टइंडीज बनाम पाकिस्तान
- फोटो : ANI
पाकिस्तान को मिली करारी हार
वेस्टइंडीज की टीम ने 34 साल के लंबे इंतजार के बाद पाकिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज जीती और यह नतीजा उनकी सुनहरी यादों में शामिल हो गया। मुश्किल पिच पर बल्लेबाजी करते हुए टीम ने शुरुआती 20 ओवर में तीन रन प्रति ओवर से भी धीमी गति से रन बनाए, लेकिन कप्तान शाई होप ने धैर्य और आक्रामकता का शानदार मेल दिखाते हुए शतक जड़ा। रोस्टन चेज और जस्टिन ग्रीव्स ने अहम साझेदारियां निभाईं और टीम का स्कोर 50 ओवर में 294 तक पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाज जेडन सील्स ने अपनी धारदार गेंदबाजी से पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। पाकिस्तान, जो अपने अनुभवी वनडे स्क्वॉड के लिए जाना जाता है, इस हार को पचाना मुश्किल पाएगा। दोनों टीमें अपने अप्रत्याशित खेल के लिए मशहूर हैं, लेकिन इस बार मेजबानों ने बाजी मार ली। त्रिनिदाद में 294 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 29.2 ओवर में 92 रन पर सिमट गई।