टी20 सीरीज जीतने के बाद पाकिस्तान ने तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत भी जीत से की है। मोहम्मद रिजवान की अगुआई में पाकिस्तान टीम ने पहले मुकाबले में शाई होप की अगुआई वाली वेस्टइंडीज की टीम को पांच विकेट से हरा दिया है। पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 49 ओवर में 280 रन पर सिमट गई। जवाब में पाकिस्तान ने 48.5 ओवर में पांच विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हसन नवाज को उनकी 63 रन की नाबाद पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीरीज का अगला मैच 10 अगस्त को त्रिनिदाद में ही खेला जाएगा।
वेस्टइंडीज की पारी
वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही थी। ब्रैंडन किंग चार रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद एविन लुईस और केसी कार्टी ने 77 रन की साझेदारी निभाई। कार्टी 30 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, लुईस ने 62 गेंद में पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 60 रन बनाए। शेरफेन रदरफोर्ड 10 रन बनाकर आउट हुए। फिर कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने पांचवें विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी निभाई। दोनों ने अर्धशतक जमाया। होप 77 गेंद में चार चौके की मदद से 55 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, चेज ने 54 गेंद में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 53 रन की पारी खेली। रोमारियो शेफर्ड चार रन, शमार जोसेफ आठ रन और जेडियाह ब्लेड्स खाता खोले बिना आउट हुए। जेडन सील्स एक रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, गुडाकेश मोती ने आखिर में 18 गेंद में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 31 रन की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने चार और नसीम शाह ने तीन विकेट लिए।
पाकिस्तान की पारी
281 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत भी खराब रही थी। सैम अयूब पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अब्दुल्लाह शफीक 29 रन और बाबर आजम ने दूसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी निभाई। शफीक 29 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, बाबर अर्धशतक से चूक गए। वह 64 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। आउट होने से पहले बाबर ने कप्तान रिजवान के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी निभाई। फिर रिजवान ने सलमान आगा के साथ चौथे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई। आगा 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रिजवान ने अर्धशतक लगाया। वह 69 गेंद में चार चौके की मदद से 53 रन बनाकर आउट हुए। फिर हसन नवाज और हुसैन तलत ने मिलकर पाकिस्तान टीम को जीत दिलाई। हसन 54 गेंद में पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि हुसैन ने 37 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से 41 रन की नाबाद पारी खेली। वेस्टइंडीज की ओर से शमार जोसेफ ने दो विकेट लिए। वहीं, जेडन सील्स, गुडाकेश मोती और चेज को एक-एक विकेट मिला।