वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर और यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल अपनी जिंदादिली के लिए जाने जाते हैं। उनकी बेबाक राय अकसर नए मुद्दों को जन्म देती है। अब पूर्व खिलाड़ी ने पंजाब किंग्स (तब किंग्स XI पंजाब) के साथ अपने खराब हुए रिश्तों को लेकर बात की है। उन्होंने कहा कि उनका टीम में अपमान हुआ था।
डिप्रेशन में चले गए थे गेल
टी20 क्रिकेट के दिग्गज क्रिस गेल ने आईपीएल में अपने पंजाब किंग्स के साथ बिताए दिनों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। गेल ने कहा कि उन्हें फ्रेंचाइजी से इतना असम्मान झेलना पड़ा कि वे डिप्रेशन जैसी स्थिति में पहुंच गए थे। गेल 2018 से 2021 तक पंजाब किंग्स का हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने 41 मैचों में 1304 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 11 अर्धशतक शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 148.65 और औसत 40.75 का रहा। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 104 रन रहा। शानदार प्रदर्शन के बावजूद गेल की पंजाब से जुड़ी यादें बेहद कड़वी रहीं।
गेल ने शुभांकर मिश्रा के साथ न्यूजबुक के पॉडकास्ट में कहा, 'मेरी आईपीएल यात्रा पंजाब के साथ समय से पहले ही खत्म हो गई। किंग्स इलेवन में मेरा सम्मान नहीं किया गया। एक सीनियर खिलाड़ी होने के बावजूद, जिसने लीग को इतना कुछ दिया, मुझे छोटे खिलाड़ी जैसा ट्रीट किया गया। पहली बार जिंदगी में मुझे लगा कि मैं डिप्रेशन में जा रहा हूं। मैंने अनिल कुंबले से बात करते हुए खुद को टूटता हुआ महसूस किया। मुझे उनके रवैये और फ्रेंचाइजी के संचालन से निराशा हुई।'
केएल राहुल ने किया था फोन
उन्होंने आगे बताया कि पूर्व कप्तान केएल राहुल ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका देने का आश्वासन भी दिया, लेकिन तब तक उन्होंने जाने का मन बना लिया था। गेल ने आगे कहा, 'केएल राहुल ने मुझे फोन कर कहा कि क्रिस, रुको, अगला मैच तुम खेलोगे। लेकिन मैंने सिर्फ इतना कहा, तुम्हें शुभकामनाएं और अपना बैग पैक करके टीम छोड़ दी' क्रिस गेल ने अपने आईपीएल करियर में कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए भी खेला है, लेकिन पंजाब किंग्स ही वह टीम रही है जिसके खिलाफ उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाए। पंजाब के खिलाफ गेल ने 16 पारियों में कुल 797 रन बटोरे।