इस सीजन को शुरु हुए 12 दिन और अब तक कुल 18 मैच हो चुके हैं। दुनिया के तमाम दिग्गज एवं धुरंधर बल्लेबाजों की मौजूदगी के बावजूद अभी भी इस सीजन का एक पारी में सर्वाधिक स्कोर 93 रन है।
इस सीजन में आईपीएल का प्रायोजक पेप्सी है। जबकि अब तक इसे डीएलएफ प्रायोजित करता रहा है। पेप्सी का पंच लाइन है 'ओ यस अभी' लेकिन 12 दिनों बाद भी शतक को 'अभी' नहीं खत्म हुआ है।
यह सीजन बल्लेबाजों के लिहाज से अभी तक स्वर्ग साबित नहीं हो पाया है और न ही टीमें कोई बहुत बड़ा स्कोर बना पा रही हैं।
टूर्नामेंट के पहले 18 मैचों में सिर्फ एक बार ही 200 रन का आकड़ा पार हुआ है और दो बल्लेबाज विराट कोहली और क्रिस गेल ही नाइंटीज में पहुंचे हैं।
इस फॉर्मेट की पहले सीजन (2008) में ही विस्फोटक शुरआत हुई थी। न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैक्कुलम ने कोलकाता नाइटराइडर्स की तरफ से खेलते हुए पहले ही मैच में नाबाद 158 रनों की पारी खेली। यह अब तक आईपीएल का शीर्ष स्कोर है।
पहले संस्करण में जहां कुल छह शतक बने थे वहीं दूसरे संस्करण में सिर्फ दो शतक बन पाए थे।
तीसरे संस्करण में शतकीय आंकडा चार तक पहुंचा था जबकि 2011 और 2012 में छह-छह शतक बने थे।
2008 में शतकों की संख्या
मैक्कुलम (नाबाद 158)
एंड्रयू साइमंड्स (नाबाद 117)
माइकल हसी (नाबाद 116)
शान मार्श (115)
एडम गिलक्रिस्ट (नाबाद 109)
सनत जयसूर्या (नाबाद 114)
2009 में लगे दो शतक
वर्ष 2009 में कर्नाटक के मनीष पांडे नाबाद 114 रन बनाकर आईपीएल में शतक बनाने वाले पहले भारतीय बने थे।
इस सत्र के दूसरे शतकधारी दक्षिण अफ्रीका के ए बी डीविलियर्स (नाबाद 105) थे।
2010 में लगे 4 शतक
वर्ष 2010 में भारत के मुरली विजय (127) श्रीलंका के माहेला जयवर्द्धने (नाबाद 110) ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (नाबाद 107) और भारत के यूसुफ पठान (100) ने शतक बनाए थे।
चौथे सीजन (2011) में लगे 6 शतक
साल 2011 में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने दो शतक (107 और नाबाद 102) ठोके थे जबकि पाल वल्थाटी ने नाबाद (120) वीरेंद्र सहवाग ने (119) सचिन तेंदुलकर ने नाबाद 100 और एडम गिलक्रिस्ट ने 106 रन बनाए थे।
2012 में भी लगे 6 शतक
वर्ष 2012 में क्रिस गेल ने नाबाद 128, विजय ने 113, वार्नर ने नाबाद 109, रोहित शर्मा ने नाबाद 109, अजिंक्या रहाणे ने नाबाद 103 और केविन पीटरसन ने नाबाद 103 रन बनाए।