सचिन तेंदुलकर दो दिन बाद सोमवार (24 अप्रैल) को 50 साल के हो जाएंगे। इस महानतम बल्लेबाज ने जन्मदिन से तीन दिन पहले शुक्रवार (21 अप्रैल) को ट्विटर पर फैंस से बात की। उन्होंने समर्थकों के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान सचिन ने बताया कि उनके पसंदीदा फुटबॉल खिलाड़ी अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी हैं। मेसी ने पिछले साल के अंत में अपनी कप्तानी में देश को विश्व कप दिलाया था।
सचिन से एक फैन ने पूछा, ''आपके पसंदीदा फुटबॉलर कौन हैं?'' इस पर तेंदुलकर ने कुछ नहीं लिखा। उन्होंने बस मेसी की तस्वीर शेयर की। इसमें अर्जेंटीना के कप्तान विश्व कप ट्रॉफी को चूम रहे हैं। अर्जेंटीना ने फाइनल में फ्रांस को हराया था। वह तीसरी बार विश्व कप जीतने में सफल रहा।
सचिन जैसा रहा मेसी का सफर!
मेसी की कप्तानी में 2014 में टीम फाइनल में हार गई थी। 2018 में वह फाइनल तक नहीं पहुंच पाई। 2022 में अर्जेंटीना ने गलती नहीं की और टूर्नामेंट को जीत लिया। तेंदुलकर भी एक बार 2003 में विश्व कप फाइनल हारे थे। उसके बाद 2007 में फाइनल तक नहीं पहुंच पाए थे। फिर 2011 में उन्हें खिताब जीतने में सफलता मिली थी।
अर्जुन से जुड़ा था यह सवाल
एक फैन ने पूछा- क्या अर्जुन ने कभी आपको आउट किया है? इस पर सचिन ने कहा- हां, एक बार लॉर्ड्स में, लेकिन अर्जुन को याद मत दिलाइएगा।
विराट से जुड़ा सवाल
एक फैन ने तेंदुलकर और विराट कोहली की तस्वीर शेयर कर पूछा- इस समय आप कोहली को क्या बता रहे थे? दरअसल, यह तस्वीर उस समय की है जब सचिन विश्व कप 2011 के फाइनल में लसिथ मलिंगा की गेंद पर आउट होने के बाद पवेलियन लौट रहे थे और विराट कोहली मैदान में प्रवेश कर रहे थे। सचिन ने इस फोटो से जुड़े सवाल पर कहा, ''अब भी बॉल थोड़ा स्विंग हो रहा है।''
चेपक स्टेडियम और बिरयानी है पसंद
सचिन ने फैंस से चैट के दौरान बताया कि वानखेड़े स्टेडियम के अलावा भारत में उन्हें चेपक स्टेडियम में खेलना काफी पसंद है। वहीं, 'चिट मिल' के बारे में पूछे जाने पर तेंदुलकर ने बिरयानी का नाम लिया। संयोग कि बात है कि उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर को भी चिकन और मटन बिरयानी काफी पसंद है।