पुलिस के मुताबिक, सोसले बंगलूरू से मुंबई निकल रहे थे, जब उन्हें शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का आईपीएल 2025 खिताब जीतने का जश्न बुधवार को उस समय गम में बदल गया जब बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए। मंगलवार को फाइनल में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को हराने के कुछ ही घंटों बाद विक्ट्री बस परेड को देखने आई भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई थी। इस घटना के बाद आरसीबी के चार अधिकारियों को बंगलूरू पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें आरसीबी के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले भी शामिल हैं।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, सोसले बंगलूरू से मुंबई निकल रहे थे, जब उन्हें शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े छह बजे केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने गैर इरादतन हत्या सहित प्राथमिकी दर्ज होने के बाद गुरुवार को आरसीबी के प्रतिनिधियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया था। सोसले के साथ-साथ इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
बेकहम और डिविलियर्स के साथ सोसले
- फोटो : Twitter
निखिल सोसले कौन हैं?
निखिल सोसले के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, उनका जन्म 18 अगस्त, 1986 को हुआ था। वह लगभग दो वर्षों से आरसीबी के मार्केटिंग हेड हैं। सोसले मूल रूप से डियाजियो इंडिया के कर्मचारी हैं, जो आरसीबी के मालिक यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (यूएसएल) का संचालन करती है। पूर्व मालिक विजय माल्या के विदेश भाग जाने के बाद यूएसएल आरसीबी का पूर्णकालिक मालिक बन गया।
सोसले को आरसीबी की पुरुष और महिला दोनों टीमों से जुड़े कई स्थानों पर भी देखा गया है। वह उस जश्न का भी हिस्सा थे जब RCB की महिला टीम ने 2024 में महिला प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब जीता था। वह आईपीएल नीलामी के दौरान भी फ्रेंचाइजी के साथ भी दिखे थे। सोसले ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैंड में जेम्स कुक विश्वविद्यालय से डबल मेजर हैं।
कई वर्षों से आरसीबी की मार्केटिंग और व्यावसायिक रणनीति से जुड़े होने के बाद यह संभव है कि आरसीबी के पहले आईपीएल खिताब जीतने का जश्न मनाने के लिए बस परेड की व्यवस्था और संचालन में सोसले की कुछ भूमिका रही हो। ऐसा माना जाता है कि वह खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी अधिकारियों के बीच संवाद में भी भूमिका निभाते हैं।
वह आरसीबी ब्रांड और कमर्शियल प्रोग्राम के व्यवसाय और मार्केटिंग चार्टर के डिजाइन, रणनीति और डिलीवरी का नेतृत्व करते हैं। सोसले समेत गिरफ्तार किए गए आरसीबी अधिकारियों को अपराध जांच विभाग को सौंपे जाने की संभावना है। उनसे कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में पूछताछ चल रही है। इसी स्टेशन में भगदड़ को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। इस एफआईआर में RCB, इवेंट आयोजित करने वाली कंपनी और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) पर भी मामला दर्ज किया गया है।
आरसीबी की क्यों हो रही आलोचना?
आरसीबी की आलोचना इस बात को लेकर भी हो रही है कि जहां एक तरफ फैंस भगदड़ में मर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ आरसीबी की टीम स्टेडियम में जीत का जश्न मना रही थी। कार्यक्रम को रोका तक नहीं गया। आखिरकार, जश्न कार्यक्रम को छोटा कर दिया गया। आरसीबी ने बुधवार को घटना के कई घंटे बाद भगदड़ में हुई मौतों को स्वीकार करते हुए एक बयान जारी किया था।
आरसीबी ने 10-10 लाख रुपये देने का किया ऐलान
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) फ्रेंचाइजी ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में मारे गए 11 प्रशंसकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा है कि मृतकों के परिजनों को मुआवजे के अलावा इस दुखद घटना में घायल हुए प्रशंसकों की सहायता के लिए 'आरसीबी केयर्स' नामक एक कोष भी बनाया जा रहा है। बुधवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
कर्नाटक सरकार की हो रही आलोचना
बंगलूरू भगदड़ की घटना के बाद कर्नाटक में सिद्धारमैया सरकार को भी कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। आलोचकों का कहना है कि सरकार की लापरवाही के कारण यह भगदड़ हुई। भाजपा ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के इस्तीफे की मांग की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भगदड़ के समय टीम के साथ तस्वीरें खिंचवा रहे थे, जबकि उन्हें भगदड़ के बारे में बताया जा चुका था।