राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा को मौका दिया। बंगाल के इस दाएं हाथ के गेंदबाज को राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 की नीलामी के दौरान 30 लाख रुपए के आधार मूल्य पर खरीदा था। जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में 16 जनवरी 1988 को जन्मे इस खिलाड़ी को बेहतर मौकों की तलाश में बंगाल जाना पड़ा था, जहां उन्होंने बंगाल प्रो टी20 लीग में हिस्सा लिया। इस लीग में बृजेश ने सात मुकाबलों में 11 विकेट निकाले। वह टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले टॉप-10 खिलाड़ियों में शामिल रहे।
जम्मू-कश्मीर के लिए भी खेल चुके हैं बृजेश
बृजेश ने जम्मू-कश्मीर की राज्य टीम की ओर से खेला, लेकिन इसके बाद उन्हें बाहर कर दिया गया। दो वर्ष उन्होंने दिल्ली के एक क्लब में दीपक पुनिया के मार्गदर्शन में उन्होंने क्रिकेट के गुर सीखे, जहां उन्हें अनुशासन का महत्व पता लगा। बचपन से ही बृजेश को पढ़ाई के बजाय खेल में ज्यादा दिलचस्पी थी। स्कूल न जाने पर उन्हें अक्सर डांट भी पड़ती, लेकिन बृजेश का एक ही लक्ष्य था। बेटे की जिद्द को परिवार ने भी समझा और धीरे-धीरे पिता भी उनका साथ देने लगे।
आर्थिक संकट के बावजूद पिता ने बृजेश के सपने को किया पूरा
बृजेश के पिता कपूर चंद शर्मा एक मजदूर हैं। आर्थिक संकट से जूझते हुए पिता ने बेटे की हर एक जरूरत को पूरा किया। मुश्किल दौर में उन्होंने बेटे की भावनात्मक रूप से मदद भी की। पिता को अपने बेटे पर पूरा यकीन था। आखिरकार सोमवार को उन्हें आईपीएल में डेब्यू का मौका मिला।
बृजेश को पहले ही मैच में मिली सफलता
चेन्नई ने राजस्थान के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा। टीम ने 19.4 ओवर में 10 विकेट पर 127 रन बनाए। उनके लिए जेमी ओवरटन ने सर्वाधिक 43 रनों की पारी खेली। वहीं, राजस्थान के लिए आर्चर, बर्गर और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा बृजेश, संदीप और बिश्नोई को एक-एक सफलता मिली।