खुद फैब-4 के सदस्य विलियम्सन ने उन खिलाड़ियों का नाम लिया है जो आगे चलकर फैब-4 का हिस्सा हो सकते हैं। उनसे पूछा गया कि आने वाले समय में सभी प्रारूपों को देखा जाए तो फैब-4 में कौन से खिलाड़ी हो सकते हैं? जानें विलियम्सन ने क्या कहा...
मौजूदा समय में क्रिकेट में जिन खिलाड़ियों का दबदबा रहा है, उनमें विराट कोहली, केन विलियम्सन, स्टीव स्मिथ और जो रूट शामिल हैं। इन्हें फैब-4 के नाम से भी जाना जाता है। इन चारों ने 2010 के बाद से विश्व क्रिकेट पर अपनी धाक जमाई है। चाहे वनडे हो या टेस्ट या फिर टी20 इनका हर प्रारूप में दबदबा रहा है। अभी भी चारों अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग-अलग प्रारूपों में सक्रिय हैं, लेकिन धीरे-धीरे संन्यास की ओर बढ़ रहे हैं। इसने यह बहस भी चालू कर दिया कि आने वाले समय में इन चारों की जगह कौन लेगा। विलियम्सन ने पांच नाम सुझाए हैं, जिनमें से फैब-फोर निकलकर सामने आ सकते हैं। इन पांच में से दो भारतीय और एक-एक न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और एक ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी है।
विज्ञापन
यशस्वी जायसवाल-शुभमन गिल
- फोटो : BCCI/ANI
नए फैब-4 में की चर्चा शुरू
दरअसल, कोहली टेस्ट और टी20 फॉर्मेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। स्मिथ वनडे फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं। जबकि क्रिकेट की दुनिया मौजूदा 'फैब 4' का आनंद उठा रही है, अगले 'फैब 4' के बारे में बातचीत शुरू हो चुकी है। खुद फैब-4 के सदस्य विलियम्सन ने उन खिलाड़ियों का नाम लिया है। उनसे पूछा गया कि आने वाले समय में सभी प्रारूपों को देखा जाए तो फैब-4 में कौन से खिलाड़ी हो सकते हैं?
विलियम्सन ने इनका चयन किया
इसके जवाब में विलियम्सन ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो से बातचीत में कहा, 'अलग-अलग प्रारूपों को देखा जाए तो यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, रचिन रविंद्र और हैरी ब्रूक जैसे खिलाड़ी दिमाग में आते हैं। कैमरन ग्रीन भी ध्यान में आते हैं। ये सभी बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उन्होंने सभी प्रारूपों में अच्छा प्रदर्शन किया है। सभी युवा हैं और उनके खेल में सुधार देखा जा सकता है।'
कलिनन ने कोहली को लेकर कही यह बात
हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्टार डेरिल कलिनन ने कोहली को 'फैब फोर' में सर्वश्रेष्ठ के रूप में चुना था। उन्होंने कहा था कि विराट ने क्रिकेट के सभी रूपों में जिस तरह से जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की, वह देखना शानदार था। कलिनन ने कहा, 'मुझे लगता है कि फैब फोर में स्पष्ट रूप से खेल के सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ खेलने वाले खिलाड़ी हैं। इन सभी ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार खेला है। लेकिन विराट कोहली के साथ जो बात मुझे अलग करती है, वह यह है कि उन्होंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की। साथ ही कप्तानी में भी उम्मीदों पर खरे उतरे। कोहली ने ऐसे खेला जैसे वह इसे बेहद पसंद करते थे। उन्होंने टेस्ट खेलने का आनंद लिया और वह इसलिए याद भी किया जाना चाहते हैं। इसलिए मेरे मन में अन्य फैब-फोर खिलाड़ियों की तुलना में खासकर कोहली के लिए बेहद सम्मान है।'
कलिनन ने गिनाई कोहली की खूबी
कलिनन ने कहा, 'मैं स्मिथ, रूट या विलियम्सन को खराब नहीं कह रहा। तीनों बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। लेकिन फैब फोर के बारे में सोचने के अलावा, अगर मैं सिर्फ कोहली की बल्लेबाजी की बात करूं तो वह भारत की बल्लेबाजी की रीढ़ रहे हैं। कठिन पलों में अच्छी बल्लेबाजी कर मैच जिताना, बड़े स्कोर का पीछा करना, तेज गति से रन बनाना और पारी संभालना, खुशी से मैदान पर दुनिया का सामना करना...ये कुछ ऐसी खूबियां हैं जो उन्हें बेहतरीन बनाती हैं। ऐसे में मुझे लगता है कि वह किसी भी उम्र और समय के लिहाज से एक जबरदस्त क्रिकेटर के रूप में सामने आए हैं।'