दरअसल, एक टूर्नामेंट के दौरान अल्काराज का मैच ग्रीस के स्टेफानोस सितसिपास से चल रहा था। अल्काराज ने सूझबूझ से ड्रॉप शॉट लगाया और पॉइंट अर्जित किए। यह शॉट इतना परफेक्ट था कि इसके बाद कमेंटेटर यह कहते हुए सुनाई दिए कि 'यह क्रिकेट में विराट कोहली और बास्केटबॉल में माइकल जॉर्डन को खेलते देखने जैसा है'। वहीं, उनके साथ मौजूद कमेंटेटर भी हां में हां मिलाते दिखते हैं। वह कहते हैं- यह शॉट इतना अच्छा था कि आपके चेहरे पर मुस्कान आ जाए। यह वीडियो क्लिप अब काफी वायरल हो रहा है।
इससे पहले रविवार को अल्काराज विंबलडन 2023 के चैंपियन बन गए। पांच सेट तक चले फाइनल में वर्ल्ड नंबर-वन अल्काराज ने वर्ल्ड नंबर-दो सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 1-6, 7-6(6), 6-1, 3-6, 6-4 से हरा दिया। यह मैच चार घंटे 42 मिनट तक चला। यह 20 साल के अल्काराज का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले वह 2022 में यूएस ओपन का खिताब जीत चुके हैं। इतना ही नहीं, 2017 के बाद विंबलडन को नया चैंपियन मिला है। 2018, 2019, 2021 और 2022 में जोकोविच ने ही यह खिताब जीता था। वहीं, 2020 में कोरोना की वजह से यह टूर्नामेंट नहीं हो सका था।