गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2025 का मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच के लिए गुजरात के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा उपलब्ध नहीं हैं। रबाडा कुछ दिनों पहले निजी कारणों का हवाला देकर स्वदेश लौट गए थे और तब से अब तक टीम से नहीं जुड़ सके हैं। हालांकि, गिल ने दिल्ली के खिलाफ टॉस के दौरान रबाडा को लेकर जानकारी दी।
प्लेइंग-11 में नहीं किया बदलाव
गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। गुजरात टाइटंस ने मुकाबले के लिए प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस के दौरान गिल ने कहा, हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यहां बहुत गर्मी है और पिच अच्छी दिख रही है। चीजें अच्छी चल रही हैं और हम लोग अतीत के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहे हैं। इस मुकाबले के लिए हमने प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। उम्मीद है कि रबाडा 10 दिनों के अंदर टीम से जुड़ जाएंगे।
दक्षिण अफ्रीका के घातक गेंदबाज के स्वदेश लौटने की जानकारी गुजरात टाइटंस ने थी। उन्होंने बताया था कि रबाडा को निजी कारणों से लौटना पड़ा है। तेज गेंदबाज ने मौजूदा आईपीएल सत्र में गुजरात के लिए पहले दो मैच खेले। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 41 रन देकर सिर्फ एक विकेट हासिल किया। इसके बाद मुंबई के खिलाफ उन्होंने 42 रन खर्च किए और महज एक ही विकेट हासिल किया। आरसीबी के खिलाफ तीसरे मैच में वह नहीं खेले और अब तक रबाडा अनुपलब्ध ही हैं।
इस मुकाबले के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार है...
दिल्ली कैपिटल्सः अभिषेक पोरेल, करुण नायर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार।
इम्पैक्ट प्लेयरः जैक फ्रेजर मैकगर्क, दर्शन नालकंडे, समीर रिजवी, डोनोवान फरेरा, दुश्मंता चमीरा।
गुजरात टाइटंसः साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, आर साई किशोर, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, ईशांत शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयरः शेरफाने रदरफोर्ड, महिपाल लोमरोर, अनुज रावत, वाशिंगटन सुंदर, करीम जनत।