पाकिस्तान के बहिष्कार से भारत को होगा फायदा
पाकिस्तान के बहिष्कार से भारत को ही फायदा पहुंचेगा। पाकिस्तान अगर मैच नहीं खेलता है तो भारत को दो अंक मिलेंगे, जबकि आईसीसी के पास पीसीबी पर पेनल्टी लगाने का अधिकार भी होगा। वॉकओवर के लिए भारतीय टीम को टॉस के दौरान मैदान पर मौजूद रहना होगा और भारतीय टीम मुकाबले के लिए श्रीलंका जाएगी। एक बार अगर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा टॉस के लिए मौजूद नहीं रहे तो मैच रेफरे भारत को दो अंक देने का एलान कर देंगे।
ये भी पढ़ें: क्या इसलिए नौटंकी कर रहा PAK?: पहले अंडर-19 टीम ने औंधे मुंह पटका, अब सीनियर टीम का सामना करने का साहस नहीं!
पाकिस्तान को जीतने होंगे सभी मैच
पाकिस्तान विश्व कप में ग्रुप ए में शामिल है जिसमे गत चैंपियन भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका भी मौजूद हैं। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत सात फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ करेगा जिसके बाद उसका सामना 10 फरवरी को अमेरिका से होगा। फिर उसे 15 फरवरी को भारत के खिलाफ खेलना है, जबकि ग्रुप चरण का आखिरी मैच वह नामीबिया के खिलाफ खेलेगा। भारत से खेलने पर उसे दो अंकों का नुकसान होगा। ऐसे में अगर सलमान आगा की अगुआई वाली टीम को सुपर आठ चरण में आसानी से पहुंचना है तो उसे सभी मैच जीतने होंगे।
आइए जानते हैं पाकिस्तान पर बहिष्कार का किस तरह प्रभाव पड़ सकता है...
- ग्रुप ए से दो टीमें सुपर आठ चरण के लिए करेंगी क्वालिफाई।
- भारत के खिलाफ नहीं खेलने से दो अंक गंवाएगा पाकिस्तान।
- पाकिस्तान को अब ग्रुप स्टेज में तीन मैच खेलने होंगे जिसमें अगर वह सभी मैच जीतता है तो उसके छह अंक होंगे और वह आसानी से अगले दौर में पहुंच सकता है।
- ग्रुप ए में पाकिस्तान को भारत कड़ी टक्कर दे सकता है, जबकि अन्य टीमों अपेक्षाकृत कमजोर हैं जिसका फायदा पाकिस्तान को हो सकता है।
- 2024 टी20 विश्व कप में अमेरिका ने पाकिस्तान को हराया था जो टूर्नामेंट से उसके बाहर होने का कारण बना था।
- अगर पाकिस्तान को ग्रुप चरण में नीदरलैंड, अमेरिका और नामीबिया में से किसी एक टीम के खिलाफ भी हार मिली तो उसके लिए आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
पाकिस्तान ने सिर्फ ग्रुप चरण का किया जिक्र
पाकिस्तान की सरकार ने जब यह एलान किया कि उनकी राष्ट्रीय टीम भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप का मैच नहीं खेलेगी तो उसमें सिर्फ ग्रुप चरण का जिक्र था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि अगर नॉकआउट चरण या फाइनल में दोनों टीमें एक दूसरे के सामने आती हैं तो पाकिस्तान का रुख क्या होगा? अगर पाकिस्तान वहां भी इसी रुख पर कायम रहता है तो भारत को ही फायदा पहुंचेगा। यह ऐसा सवाल है जिसका जवाब आने वाले दिनों में मिलने की उम्मीद है।