यूं ही नहीं कहा जाता कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। 22 गज की पट्टी पर खेले जाने वाला यह खेल हर ओवर, हर गेंद पलटता है। एंटीगा में बुधवार रात भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां श्रीलंका और वेस्टइंडीज पहले टी-20 में आमने-सामने थे। पहले एक गेंदबाज ने लगातार तीन गेंद में तीन विकेट चटकाए तो अगले ही ओवर में उसे किसी दूसरे बल्लेबाज ने छह गेंदों में छह छक्के लगा दिए।
धनंजय ने एविन लुईस, क्रिस गेल और निकोलस पूरन को तीन गेंदों पर आउट कर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए पोलार्ड ने मैच का रुख बदलकर रख दिया। छठे ओवर में उन्होंने छह गेंदों में छह छक्के लगाए। पोलार्ड ने 11 गेंदों में शानदार 38 रन की पारी खेली। वह युवराज सिंह के बाद टी-20 इंटरनेशनल में यह कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने। हर्शल गिब्स भी एकदिवसीय विश्व कप में यह कमाल कर चुके हैं।