यूं ही नहीं कहा जाता कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। 22 गज की पट्टी पर खेले जाने वाला यह खेल हर ओवर, हर गेंद पलटता है। एंटीगा में बुधवार रात भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां श्रीलंका और वेस्टइंडीज पहले टी-20 में आमने-सामने थे। पहले एक गेंदबाज ने लगातार तीन गेंद में तीन विकेट चटकाए तो अगले ही ओवर में उसे किसी दूसरे बल्लेबाज ने छह गेंदों में छह छक्के लगा दिए।
यह दो खिलाड़ी थे, श्रीलंका के स्पिनर धनंजय अकीला और कैरेबियाई कप्तान कीरोन पोलार्ड। तीन मैच की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने महज 131 रन बनाए। आक्रामक खिलाड़ियों से सजी कैरेबियाई टीम के लिए एक वक्त यह लक्ष्य बेहद आसान लग रहा था, लेकिन तभी पारी के चौथे ओवर में मिस्ट्री स्पिनर धनंजय अकीला ने हैट्रिक ले ली।
धनंजय ने एविन लुईस, क्रिस गेल और निकोलस पूरन को तीन गेंदों पर आउट कर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए पोलार्ड ने मैच का रुख बदलकर रख दिया। छठे ओवर में उन्होंने छह गेंदों में छह छक्के लगाए। पोलार्ड ने 11 गेंदों में शानदार 38 रन की पारी खेली। वह युवराज सिंह के बाद टी-20 इंटरनेशनल में यह कारनामा करने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने। हर्शल गिब्स भी एकदिवसीय विश्व कप में यह कमाल कर चुके हैं।
वेस्टइंडीज ने 13.1 ओवर में छह विकेट पर 134 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। ओवर में 6 छक्के जड़ने के बाद पोलार्ड ने कहा, 'तीन छक्के मारने के बाद संभव लग रहा था कि मैं छह छक्के भी मार सकता हूं। मैं बस खुद को ऐसा करने के लिए बैक कर रहा था। मैंने हैट्रिक नहीं देखा, सिर्फ सुना था, लेकिन क्रीज पर आकर मैंने वही किया जिसकी टीम को जरूरत थी।