पुछल्ले बल्लेबाज जेसन होल्डर की साहसिक शतकीय पारी ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को हार से बचाते हुए मैच को ड्रॉ पर खत्म कराया।
नार्थ साउंड (एंटीगा) में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड ने चौथे दिन वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 438 रनों का बड़ा लक्ष्य दिया और खेल की समाप्ति तक मेजबान टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 98 रन बना लिए थे और उसे अंतिम दिन मैच बचाने के लिए अपने शेष 8 विकेट के साथ पूरे दिन खेलना था क्योंकि शेष 340 रन और बनाना संभव नहीं दिख रहा था।
पांचवें दिन विंडीज टीम का शीर्ष क्रम ज्यादा देर तक क्रीज पर टिके नहीं रह सका और उसके 7 विकेट 294 रन पर गिर गए थे और उस पर बड़ी हार का संकट मंडरा रहा था ऐसे में टीम के वनडे कप्तान जेसन होल्डर ने केमार रोच के साथ पारी को आगे बढ़ाया और आठवें विकेट के लिए अविजित 56 रनों की साझेदारी मैच को न सिर्फ ड्रॉ पर लाकर खत्म किया बल्कि इंग्लैंड की इस धरती पर पहली टेस्ट जीत का ख्वाब भी पूरा होने नहीं दिया।
अपने चौथे टेस्ट मैच में होल्डर ने शानदार बल्लेबाजी की और जूझारू पारी खेलते हुए टेस्ट करियर का पहला शतक ठोंक दिया। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके की मदद से 103 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे। होल्डर का बखूबी साथ देने वाले रोच ने 55 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए।