वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरोन हेतमायर ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में 139 रन की अपनी पारी को करिअर की सर्वश्रेष्ठ बताया लेकिन कहा कि अंत तक नाबाद रहकर उन्हें और खुशी होती। वह 39वें ओवर में आउट हो गए थे। उन्होंने कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह मेरा सर्वोच्च स्कोर है लिहाजा यह सर्वश्रेष्ठ पारी है। लक्ष्य का पीछा करना हमेशा अच्छा होता है। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को जीत तक ले जाने का अनुभव अलग ही है। काश में अंत तक टिककर खेल सकता लेकिन मैं सीख रहा हूं।’
हेतमायर ने रविवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे में धमाकेदार बल्लेबाजी की और अपने वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी खेली। भारत के 287 रनों के लक्ष्य का पीछे करने उतरी कैरेबियाई टीम ने शाई होप और हेतमायर के 200 रन से अधिक की साझेदारी की मदद से मैच में आसानी से जीत दर्ज कर ली। हेतमायर ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 106 गेंदों में 11 चौके और सात छक्के की मदद से 139 रनों की पारी खेली।