वेस्टइंडीज क्रिकेट ने शुक्रवार को खेल के 91वें वर्ष में प्रवेश के साथ ही अपना नाम बदलकर 'क्रिकेट वेस्टइंडीज' कर दिया है। अब उनका यह नाम और वेबसाईट सब बदल दिया गया है। अब वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड को आधिकारिक रूप से क्रिकेट वेस्टइंडीज कहा जाएगा। इसकी सभी प्रतिनिधि टीमों को विंडीज कहा जाएगा।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के सीईओ जॉनी ग्रेव ने कहा, "जिस प्रकार से संस्थान काम करता है, उसके अनुसार क्रिकेट वेस्टइंडीज सही लगता है। इसमें अलग-अलग हिस्सेदार हैं, जो क्रिकेट में सुधार के लिए एक साझेदार के रूप में काम करते हैं। हम उनके साथ और अधिक नजदीकी से काम करना चाहते हैं।"
गौरतलब है कि अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने वाले प्रतिनिधियों की टीम का नाम काफी लम्बे समय तक विंडीज ही रहा है। इसे बाद में बदलकर वेस्टइंडीज कर दिया गया था। यह नया नाम टी-शर्ट्स पर भी प्रिंट किया जाएगा। बोर्ड ने एक नई वेबसाईट भी लॉन्च की है, जो यूजर फ्रेंडली जानकारियों और स्कोर से अपडेट होगी। इसके अलावा इसमें वीडियो और खिलाड़ियों की जानकारी भी होगी।