मेजबान वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच एंटीगा में खेला गया दूसरा टेस्ट ड्रॉ पर छूटा। दो टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला भी ड्रॉ ही रहा था। वेस्टइंडीज के कप्तान क्रैग ब्रैथवेट (85) मैच में दूसरी शतकीय पारी नहीं खेल सके, लेकिन मेजबान टीम ने श्रीलंका को दूसरे टेस्ट में 377 रन की मजबूत चुनौती दी। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 280 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। वेस्टइंडीज के पास पहली पारी की 96 रन की बढ़त भी थी। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक श्रीलंका ने बिना विकेट खोए 29 रन बना लिए थे और आखिरी दिन उसे 348 रन चाहिए थे।
कप्तान दिमुथ करुणारत्ने (75) और लाहिरू थिरिमाने (39) के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की मदद से 101 रन जोड़े। इसके बाद ओशादा फर्नांडो (66) और दिनेश चंदीमल ने ड्रॉ सुनिश्चित कराया। श्रीलंका ने जब दो विकेट पर 193 रन बनाए थे तब मैच ड्रॉ समाप्त घोषित कर दिया गया। चंदीमल 82 मिनट तक क्रीज पर रहे और 10 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज ने कप्तान क्रेग ब्रैथवेट के शानदार प्रदर्शन से मैच में दबदबा रखा था, उन्होंने पहली पारी में 126 और दूसरी पारी में 85 रन बनाए थे।