डिएंड्रा डॉटिन (46) और शैमेन कैंबल (45) की दमदार पारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने महिला वर्ल्ड टी-20 अंतरराष्ट्रीय के रोमांचक मैच में इंग्लैंड को चार विकेट से मात दी। वहीं दिन के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ने बांग्लादेश को 30 रन से हराया। बांग्लादेश की टीम पूरे टूर्नामेंट में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी।
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के बीच का मुकाबला ग्रोस आइलेट में खेला गया। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 115 रन बनाए। सोफिया डंकले (35) टीम की सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहीं। एन्य श्रबसोल (29) और टैमी बियूमोंट (23) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। वेस्टइंडीज की तरफ से सेलमन और डॉटिन ने दो-दो विकेट लिए। कोनेल, टेलर और फ्लेचर को एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर हैली मैथ्यूज (1) और कप्तान स्टेफनी टेलर (0) को एन्य श्रबसोल ने दूसरे ही ओवर में बोल्ड करके पवेलियन भेज दिया। यहां से डॉटिन और कैंबल ने टीम को संभाला व तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। डॉटिन जब अर्धशतक से चार रन दूर थीं तब गॉर्डन ने उन्हें डेनियन याट के हाथों कैच आउट कराया।
हालांकि कैंबल ने एक छोर संभाले रखा, लेकिन अंतिम ओवर में श्रबसोल ने उन्हें आउट करके मैच रोमांचक बनाया। कायसिया ए नाइट ने पहली ही गेंद पर चौका जमाकर विंडीज की जीत पर मुहर लगा दी। बता दें कि वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, जिसके चलते यह मैच महज औपचारिकता भर रह गया था।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने बांग्लादेश को आसानी से 30 रन से मात दी। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 109 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 79 रन ही बना सकी। यह दोनों ही टीमें आईसीसी महिला वर्ल्ड टी-20 के सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी थीं।