बांग्लादेश के कप्तान मशरफे मुर्तजा ने कहा कि अगर उनकी टीम को शुक्रवार को एशिया कप फाइनल में भारत को चुनौती देनी है तो उसे सभी विभागों में सुधार करना होगा।
बांग्लादेश ने बुधवार को सुपर चार मैच में पाकिस्तान को 37 रन से हराकर फाइनल में जगह बनायी जहां उसका सामना भारत से होगा।
मुर्तजा ने कहा, ‘हम सभी जानते हैं कि भारत काफी मजबूत और दुनिया में नंबर एक टीम है। हमें अब भी अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी में थोड़ा सुधार करने की जरूरत है।’
उन्होंने कहा, ‘हमें शाकिब अल हसन और तमीम इकबाल की कमी खलेगी लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने अपना जज्बा दिखाया। अब जबकि एक मैच बचा है तब उम्मीद है कि खिलाड़ी दमदार खेल का प्रदर्शन करेंगे।’
शाकिब उंगली में चोट के कारण स्वदेश लौट गए हैं जबकि तमीम शुरुआती मैच में चोटिल होने के कारण एशिया कप से बाहर हो गए थे।