वेस्टइंडीज के कोच फ्लायड रीफर को यकीन है कि कीरोन पोलार्ड और सुनील नरेन की वापसी से भारत के खिलाफ टी-20 मैचों की श्रृंखला काफी रोमांचक होगी। वेस्टइंडीज की टी-20 टीम हालात के अनुकूल ढलने के लिये फ्लोरिडा पहुंच गई है।
रीफर ने इसे युवा और अनुभवी टीम का अच्छा मिश्रण बताया है। रीफर ने कहा, ‘यह टीम युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है। यह काफी रोमांचक स्पताहांत होगा जिसमें दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिलेगा।’
उन्होंने कहा, ‘हमारे पास पोलार्ड और नरेन जैसे खिलाड़ी फिर टीम में है। उनके साथ कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट भी हैं जिनके पास इस प्रारूप का काफी अनुभव है।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे पास खारी पियरे के रूप में युवा स्पिनर है जो पिछले साल भारत में खेला था। वह अच्छा फील्डर भी है। एंथोनी ब्रेंबल शानदार प्रथम श्रेणी क्रिकेटर है और गयाना के लिए उसका प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह अब इस स्तर पर अपने फन का लोहा मनवाने को बेताब है।’