लंबी छुट्टी के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ी मैदान पर जोरदार वापसी के लिए पसीना बहा रहे हैं। आखिर उनके सामने दुनिया की सबसे ताकतवर टीम जो है।
दो महीने से भी ज्यादा यानी 72 दिन के दौरे पर आ रही दक्षिण अफ्रीकी टीम का रिकॉर्ड विदेशी धरती पर बेहद शानदार रहा है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी अपनी तैयारी में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे। मुकाबला तो जोरदार होना ही है ऐसे में सभी की नजर इस सीरीज पर लगी हुई है।
अफ्रीकी टीम के साथ-साथ टीम इंडिया में भी बेहतरीन खिलाड़ियों की भरमार है। दक्षिण अफ्रीका के एबी डीविलियर्स बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग सूची में पहले पायदान पर हैं तो भारत के उपकप्तान विराट कोहली टी-20 सूची में शीर्ष बल्लेबाज हैं।
टी-20 क्रिकेट के टॉप टेन गेंदबाजों में दक्षिण अफ्रीका के 2 गेंदबाज हैं। पहले नंबर पर फिरकी गेंदबाज इमरान ताहिर और चौथे नंबर पर डेल स्टेन बने हुए हैं। जबकि टी-20 के शीर्ष दस गेंदबाजों में एकमात्र भारतीय गेंदबाज शामिल हैं। और यह गेंदबाज हैं रविचंद्रन अश्विन हैं जो नौंवें नंबर पर हैं। वनडे रैंकिंग में विराट कोहली बल्लेबाजों की वनडे रैंकिंग में तीसरे पायदान पर हैं।
'दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेंगे आक्रामक क्रिकेट'
टीम इंडिया के डायरेक्टर रवि शास्त्री ने कहा है कि कुछ बड़े खिलाड़ियों के संन्यास लेने के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम मजबूत है पर उनकी टीम आगामी दो अक्टूबर से शुरू होने वाली सीरीज में आक्रामक क्रिकेट खेलना जारी रखेगी।
संन्यास ले चुके जैक्स कालिस जैसे खिलाड़ियों के बिना आ रही दक्षिण अफ्रीका की टीम के बारे में पूछने पर शास्त्री ने कहा कि यह मुझसे सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और अनिल कुंबले जैसे खिलाड़ियों के बिना टीम इंडिया के बारे में पूछने जैसा है। खिलाड़ी आते हैं और जाते हैं लेकिन आपको इस तथ्य का सम्मान करना होगा कि दक्षिण अफ्रीका की टीम दुनिया की नंबर एक टीम है।
बंगलूरू में भारतीय टीम के शिविर के दौरान शास्त्री ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका मजबूत प्रतिद्वंद्वी है। वे विदेशों में प्रतिकूल हालात में विश्व क्रिकेट की किसी भी अन्य टीम से बेहतर प्रदर्शन करते हैं। वे विदेशों का दौरा करने वाली किसी अन्य टीम से बेहतर हैं और रिकॉर्ड इसका गवाह है इसलिए हमें पता है कि हमें किस चीज का सामना करना पड़ेगा। हम सम्मान करेंगे लेकिन पीछे कदम नहीं हटाएंगे।
जरूरत पड़ी तो कोच द्रविड़ से भी सलाह लेंगे
दक्षिण अफ्रीकी टीम दो महीने से अधिक के दौरे पर भारत आ रही है जिसकी शुरुआत सीमित ओवरों की सीरीज से होगी। दोनों टीमों के बीच सीरीज की शुरुआत दो अक्टूबर को धर्मशाला में टी-20 मैच के साथ होगी।
टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री से जब यह पूछा गया कि क्या भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के ऊपरी क्रम में खेलने का समय आ गया है तो उन्होंने कहा कि कप्तान स्वयं इस बारे में फैसला करेंगे। शास्त्री ने कहा कि यह उनके लिए खेल का लुत्फ उठाने का समय है क्योंकि वह बरसों से दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हैं। आप संभवत: महानतम एकदिवसीय कप्तान और खिलाड़ी की बात कर रहे हो इसलिए चिंता मत करो। वह खुद फैसला करेंगे कि उन्हें ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करनी है कि नहीं।
टीम इंडिया के डायरेक्टर शास्त्री ने कहा है कि वह जल्द ही भारत-ए टीम के कोच राहुल द्रविड़ से उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बारे में सलाह लेंगे जो शीर्ष स्तर की क्रिकेट के लिए तैयार हैं ताकि पहले से मजबूत पूल को और मजबूत किया जा सके।
शास्त्री ने कहा कि हमारी पास अच्छी बेंच स्ट्रैंथ हैं लेकिन फिर भी राहुल द्रविड़ से प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को लेकर बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ी ढेरों रन कर रहे हैं या विकेट ले रहे हों तो अच्छा है लेकिन अगर वह ज्यादा रन नहीं भी कर रहे या ज्यादा विकेट नहीं ले भी रहे लेकिन शीर्ष स्तरीय क्रिकेट के लिए सक्षम है तो उनको लेकर भी सलाह-मशविरा होगा। द्रविड़ इस बारे में जानने के लिए बेहतर स्थिति में हैं क्योंकि वह कुछ समय से भारत-ए टीम के साथ हैं।