भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में 2-1 से शिकस्त के बाद अब मेहमान वेस्टइंडीज टीम वनडे सीरीज के लिए तैयार है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच रविवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। उससे पहले वेस्टइंडीज के कप्तान किरोन पोलार्ड ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
पोलार्ड ने कहा कि उनकी टीम वनडे मैचों में बेहतर प्रदर्शन करने के ‘मिशन’ पर है लेकिन शायद अनुकूल नतीजे तुरंत नहीं मिलें। उन्होंने कहा कि उनकी टीम पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में 3-0 की जीत की लय को आगे बढ़ाना चाहेगी।
पोलार्ड ने कहा, ‘हम एक मिशन पर हैं और हमारी रणनीति स्पष्ट है कि 50 ओवर के क्रिकेट में क्या रुख अपनाना है। इसके लिए एक प्रक्रिया है और हम असल में इसी से गुजर रहे हैं। नतीजे शायद तुरंत नहीं दिखाई दें। अफगानिस्तान के खिलाफ हमारी सीरीज अच्छी रही। अब हम बेहतर टीम भारत के खिलाफ खेलने जा रहे हैं।’