दक्षिण अफ्रीका चैंपियंस की टीम ने पाकिस्तान की टीम को हराकर विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का खिताब जीत लिया है। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए फाइनल में एरॉन फांगिसो की अगुआई वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम ने पाकिस्तान को नौ विकेट से रौंद दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 195 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम ने एक विकेट गंवाकर 16.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। एबी डिविलियर्स ने 60 गेंदों में 12 चौके और सात छक्कों की मदद से 120 रन की नाबाद पारी खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द फाइनल और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
WCL में डिविलियर्स का जलवा
यह इस टूर्नामेंट में डिविलियर्स का तीसरा शतक रहा। इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 51 गेंदों में 116 रन की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डिविलियर्स ने 46 गेंदों में 123 रन बनाए थे। डिविलियर्स ने इस टूर्नामेंट में छह पारियों में 143 की औसत और 220 के स्ट्राइक रेट से 429 रन बनाए। इनमें तीन शतक और एक अर्धशतक शामिल है। वह चार बार प्लेयर ऑफ द मैच बने। यह साल डिविलियर्स के लिए खास रहा है। उनकी पुरानी आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल चैंपियन बनी, वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब जीता। अब उन्होंने दक्षिण अफ्रीका को विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का खिताब दिलाया है। हालांकि, WCL एक प्राइवेट लीग है।
भारत से भी मुंह की खानी पड़ी थी
पाकिस्तान को सेमीफाइनल में भारत से मुंह की खानी पड़ी थी। दरअसल, भारत और पाकिस्तान का सेमीफाइनल में मैच होने वाला था, लेकिन भारत ने पाकिस्तान से खेलने से इनकार कर दिया था। इससे पाकिस्तान की टीम को वॉकओवर मिला और फाइनल में पहुंची। भारत ने इससे पहले लीग स्टेज के दौरान भी पाकिस्तान से मैच का बहिष्कार किया था। भारत पाकिस्तान से न खेलने के अपने फैसले पर अडिग रहा। इस तरह की बेइज्जती होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आगे से किसी भी प्राइवेट लीग में देश का नाम इस्तेमाल करने पर भी प्रतिबंध लगा दिया। पीसीबी का मानना था कि इससे देश का अपमान होता है।
पाकिस्तान की पारी
पाकिस्तान चैंपियंस के कप्तान मोहम्मद हफीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत खराब रही। कामरान अकमल दो रन और खुद कप्तान 17 रन बनाकर पवेलियन चलते बने। वहीं, शोएब मलिक ने शरजील खान के साथ तीसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी निभाई। शरजील 44 गेंद में नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 76 रन बनाकर आउट हुए। मलिक ने 25 गेंद में 20 रन बनाए। आसिफ अली 15 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए। उमर अमीन ने 19 गेंद में तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 36 रन की नाबाद पारी खेली। आमिर यमीन दो रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका के लिए विलजोएन और पार्नेल ने दो-दो विकेट लिए। डैन ओलिवियर को एक विकेट मिला।
द. अफ्रीका की पारी
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को हाशिम अमला और डिविलियर्स ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 36 गेंद में 72 रन जोड़े। अमला ने 14 गेंद में 18 रन बनाए। इसके बाद डिविलियर्स ने जेपी डुमिनी के साथ मिलकर दक्षिण अफ्रीका की टीम को जीत दिलाई। डुमिनी ने 28 गेंद में चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से सईद अजमल को एक विकेट मिला।
आगे से WCL में नहीं खेलेगी पाकिस्तान की टीम?
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) के भविष्य के संस्करणों में अपने खिलाड़ियों की भागीदारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। बोर्ड ने टूर्नामेंट आयोजकों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में वर्चुअल रूप से आयोजित अपने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की बैठक के बाद पीसीबी ने एक बयान में कहा, 'पीसीबी घोषणा करता है कि वह वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (डब्ल्यूसीएल) में भविष्य में भागीदारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रहा है।' पीसीबी ने ग्रुप स्टेज के दौरान डब्ल्यूसीएल द्वारा भारत को अंक देने के निर्णय पर भी कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि यह पक्षपात से भरा हुआ है।