भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई थी वनडे सीरीज
भारतीय टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप शुरू होने से पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसे टीम इंडिया ने 2-1 से अपने नाम किया था। हालांकि, भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए शुरुआती दो मैचों में कुछ बड़े खिलाड़ी मौजूद नहीं थे। ये दोनों वनडे भारत ने जीते थे।
तीसरे वनडे में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कुलदीप यादव समेत अहम खिलाड़ियों की वापसी हुई थी। साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम भी अपने पूरे दमखम के साथ खेली थी। उस तीसरे वनडे को ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से जीता था। ऐसे में विश्व कप मैच में टीम इंडिया को सावधानी से खेलना होगा। हर दिग्गज क्रिकेटर का मानना है कि विश्व कप जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को हराना बहुत जरूरी है। कंगारुओं को कभी भी कम नहीं आंका जा सकता।
रोहित और विराट भारत के लिए बेहद अहम
विराट और रोहित
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत के पास ऐसा कप्तान है जो 19 नवंबर को कप थामकर भारतीय क्रिकेट के इतिहास का नया अध्याय लिखना चाहेगा। 35 साल के विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से आगे निकलने के लिए तीन वनडे शतक और बनाने हैं। भारतीय टीम में नौ खिलाड़ी ऐसे हैं जो एक या इससे ज्यादा विश्व कप खेल चुके हैं। वहीं, छह खिलाड़ियों के लिए यह पहला विश्व कप है।
आंकड़ों में भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे
स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर
- फोटो : सोशल मीडिया
वनडे में दोनों टीमें कुल 149 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से भारत को 56 मैचों में जीत मिली, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 83 मुकाबले जीते हैं। 10 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकला। भारत में दोनों टीमें 70 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से टीम इंडिया को 32 और ऑस्ट्रेलिया को 33 मैचों में जीत मिली है। पांच मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला। 2019 विश्व कप की समाप्ति के बाद से भारत और ऑस्ट्रेलिया वनडे मैचों में 12 बार आमने-सामने आए हैं। दोनों ने इस दौरान छह-छह मैच जीते हैं।
चेपॉक में भारत-ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड
चेन्नई के चेपॉक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया को एक में और ऑस्ट्रेलिया को दो मैचों में जीत मिली है। दोनों के बीच चेपॉक में वनडे विश्व का सिर्फ एक मुकाबला खेला गया है। 1987 विश्व कप में खेले गए इस मुकाबले को ऑस्ट्रेलिया ने एक रन से जीता था।
विश्व कप में भारत vs ऑस्ट्रेलिया मैच के आंकड़े
रोहित और पैट कमिंस
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे विश्व कप में 12 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से टीम इंडिया को चार मैचों में और ऑस्ट्रेलिया को आठ मैचों में जीत मिली है। भारतीय जमीन पर वनडे विश्व कप में दोनों टीमें चार बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों ने दो-दो मुकाबले जीते हैं।
चेपॉक में अब तक खेले गए सात विश्व कप मैच
चेपॉक स्टेडियम ने सात विश्व कप खेलों की मेजबानी की है। ऑस्ट्रेलिया ने इनमें से तीन मैच खेले हैं और हर बार जीत हासिल की है। उन्होंने 1987 विश्व कप के ग्रुप-स्टेज थ्रिलर में भारत को एक रन से हराया था। इसके बाद 1987 विश्व कप में ही यहां जिम्बाब्वे को 96 रन से हराया था। 1996 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को हराने के लिए 287 रनों का सफलतापूर्वक पीछा किया था।
चेपॉक में भारत और ऑस्ट्रेलिया का वनडे रिकॉर्ड
पैट कमिंस और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
चेपॉक पर भारत ने ओवरऑल 14 वनडे में से सात जीते हैं और छह हारे हैं, जबकि एक मैच रद्द हो गया था। ऑस्ट्रेलिया ने यहां छह में से पांच वनडे जीते हैं। भारत ने 1987 में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के अलावा चेपॉक में एक और विश्व कप मैच खेला है। उन्होंने 2011 में खिताब जीतने के दौरान यहां वेस्टइंडीज को 80 रनों से हराया था।
दोनों टीमों के बीच खेले गए यादगार मैच
चेपॉक पर दोनों टीमों के बीच कई यादगार मुकाबले खेले गए हैं। उनके बीच 1986 में टाई रहा टेस्ट हो या 2001 की टेस्ट सीरीज का निर्णायक मैच या रिलायंस कप का करीबी मुकाबला, सभी मुकाबले बेहद दिलचस्प रहे हैं।
रोहित-कोहली बनाना चाहेंगे विश्व कप को यादगार
रोहित और विराट
- फोटो : सोशल मीडिया
12 साल पहले तेंदुलकर को कंधे पर उठाने वाले कोहली अब उसी मुकाम पर खड़े हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि कोहली विश्व कप जीत चुके हैं। रोहित भी 2007 टी-20 विश्व कप और रविचंद्रन अश्विन 2011 विश्व कप जीत चुके हैं। हालांकि, इन टूर्नामेंटों में जीत के सूत्रधार दूसरे दिग्गज थे और ये खिलाड़ी सहयोगी भूमिका में थे।
रोहित और कोहली इस विश्व कप को यादगार बनाना चाहेंगे। यह अब उनका आखिरी वनडे विश्व कप हो सकता है। रोहित, कोहली और अश्विन अपनी विरासत छोड़ जाना चाहते हैं। 34 वर्ष के रवींद्र जडेजा या 33 वर्ष के मोहम्मद शमी भी पीछे नहीं हैं। इनमें से अधिकांश खिलाड़ियों के चार साल बाद विश्व कप में दिखने की बेहद कम संभावनाएं हैं।
रोहित को दिखानी होगी आक्रामकता
जसप्रीत बुमराह और रोहित शर्मा
- फोटो : सोशल मीडिया
भारतीय टीम विश्व कप जीतती है तो यह वनडे क्रिकेट के लिए संजीवनी का भी काम करेगा। रोहित को बतौर बल्लेबाज अपनी आक्रामकता बरकरार रखनी होगी। इसके अलावा यह तय करना होगा कि तीसरे विशेषज्ञ स्पिनर के रूप में अश्विन को कब उतारना है और किन मैदानों पर मिस्टर 360 डिग्री बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव उपयोगी होगे। उन्हें शार्दुल ठाकुर की हौसला-अफजाई करनी होगी जब वह महंगे साबित हो रहे होंगे। या फिर ईशान किशन को बताना होगा कि मिचेल स्टार्क जैसे गेंदबाजों से भयभीत होने की जरूरत नहीं है।
स्पिनर निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका
अश्विन, जडेजा और कुलदीप
- फोटो : सोशल मीडिया
चेपॉक की विकेट पर बीच के ओवरों में भारतीय स्पिनरों का प्रदर्शन निर्णायक साबित हो सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत कितने स्पिनर्स के साथ मैदान पर उतरता है। अब तक हुए विश्व कप मैचों में विकेट सपाट रहे हैं और खूब रन बने हैं। हालांकि, चेपॉक की पिच हमेशा स्पिनरों की मददगार रही है। अगर ऐसा हुआ तो टीम इंडिया जडेजा, कुलदीप और अश्विन तीनों के साथ मैदान पर उतर सकती है। ऐसे में दो तेज गेंदबाज होंगे और हार्दिक तीसरे पेसर की भूमिका निभाते दिखेंगे।
कमिंस की ऑस्ट्रेलियाई टीम भी कम नहीं
ऑस्ट्रेलियाई टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
पैट कमिंस की अगुआई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराना आसान नहीं है। यह टीम कागज के साथ मैदान पर भी मजबूत है। टीम के बल्लेबाजी में गहराई है तो उनके पास गेंदबाज भी अच्छे हैं। भारतीय गेंदबाजों के सामने मिचेल मार्श को रोकना असली चुनौती होगी क्योंकि वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। इसके अलावा मार्नस लाबुशेन और डेविड वॉर्नर भी घातक साबित हो सकते हैं। मिचेल स्टार्क और एडम जम्पा की गेंदों पर रन बनाना महत्वपूर्ण होगा।
दोनों टीमें-
भारतीय टीम
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत: रोहित शर्मा ( कप्तान ), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, शार्दुल ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया: पैट कमिंस ( कप्तान ), स्टीव स्मिथ, एलेक्स कैरी, जोश इंग्लिस, शॉन एबोट, मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, मिचेल मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, डेविड वॉर्नर, एडम जम्पा, मिचेल स्टार्क।