पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज उसामा मीर लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं। उन्होंने एकबार फिर अपनी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। गनी रमजान टूर्नी 2023 टूर्नामेंट के दौरान उसामा ने एक ओवर में 34 रन जड़े। उन्होंने इस ओवर में एक चौका और पांच गगनचुंबी छक्के लगाए। उनके द्वारा खेली गई पारी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है।
दरअसल, इस टूर्नामेंट के दौरान जीआईसी और कराची वॉरियर्स के बीच खेले गए मैच में उसामा ने 20 गेंदों में 66 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने हर गेंदबाज की जमकर धुनाई की। उसामा की पारी की बदौलत गनी इंस्टिट्यूट ऑफ क्रिकेट ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 236 रन बनाए। हाल ही में हुए पाकिस्तान सुपर लीग में भी उसामा ने कई बेहतरीन पारियां खेली थीं। वह अब तक पाकिस्तान के लिए तीन वनडे मैच खेल चुके हैं और धीरे-धीरे टीम में अपनी जगह पक्की कर रहे हैं।
गनी रमजान टूरनी पाकिस्तान क्रिकेट कैलेंडर का एक नियमित टूर्नामेंट है। यह टूर्नामेंट रमजान के महीने के दौरान आयोजित किया जाता है और प्रतियोगिता में प्रति टीम दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की अनुमति दी जाती है। कुल आठ टीमें इसमें भाग लेती हैं।
गनी रमजान टूरनी 2023 पिछले कुछ वर्षों में एक स्टार-स्टडेड मामला बन गया है और इस साल रोस्टर में बाबर आजम, शादाब खान, इहसानुल्लाह, आजम खान, उस्मान कादिर, उमर अकमल, अहसान अली और आबिद अली जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इहसानुल्लाह और आजम खान दोनों ने पीएसएल में शानदार प्रदर्शन किया और पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान के लिए युवा प्रतिभाओं के रूप में उभरे हैं।