अभिषेक शर्मा बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
युवा ओपनर अभिषेक शर्मा पूरे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहे। उन्होंने सात मैचों में 314 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड अपने नाम किया। इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के तौर पर एक लग्जरी हैवल एच9 एसयूवी गिफ्ट की गई।
शुभमन गिल संग सेल्फी का जश्न
खिताब जीतने के बाद अभिषेक शर्मा और उनके ओपनिंग पार्टनर शुभमन गिल ने एसयूवी में बैठकर सेल्फी ली। दोनों की दोस्ती क्रिकेट फैंस के बीच काफी मशहूर है और यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैन्स ने इस जश्न को खूब पसंद किया और उनकी बॉन्डिंग पर जमकर कमेंट्स किए।
अभिषेक को करना पड़ा इंतजार
जूनियर विश्व कप 2018 जीतने के एक साल के भीतर उस टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ ने टेस्ट डेब्यू किया और शुभमन गिल वनडे टीम में आ गए, लेकिन अभिषेक को अपने समय का इंतजार करना पड़ा। अभिषेक ने स्वीकार किया कि बाकी साथी लिफ्ट से पहुंचे, लेकिन उन्हें सीढ़ियों से आने का फायदा मिला। उन्होंने कहा, 'कुछ सीधे टीम में आ गए। कुछ सब कुछ करते हैं और मुझे लगा कि मुझे भी ऐसा ही करना चाहिए। एक खिलाड़ी होने के नाते अगर मैं सीधे टीम में आ जाता तो वह सब सीखने का मौका नहीं मिलता जो मैंने सीखा।'
घरेलू क्रिकेट खेलकर निखारा कौशल
घरेलू क्रिकेट खेलकर अभिषेक को अपने कौशल को निखारने और खुद के खेल के बारे में और जानने का मौका मिला। उन्होंने कहा, 'मुझे कई चीजें आजमाने के लिए काफी समय मिल गया। मैंने अपने खेल पर काफी काम किया और आम तौर पर कई खिलाड़ियों को इसका मौका नहीं मिलता। मेरे पास समय था तो मैं यह कर सका।'