12वें वर्ल्ड कप की प्रबल दावेदार मानी जा रही टीम इंडिया सेमीफाइनल में कमजोर मानी जा रही न्यूजीलैंड से हार गई। लीग मुकाबले के बाद अंकतालिका में टॉप पर रहने वाली विराट सेना सेमीफाइनल में कीवियों के सामने घुटने टेकते नजर आई।
वहीं धोनी को सातवें स्थान पर बल्लेबाजी करवाने के फैसले को लेकर विराट, कोच रवि शास्त्री समेत टीम मैनेजमेंट पर भी कई दिग्गजों और क्रिकेट फैंस ने सवाल उठाए।
कई फैंस ने तो कोच और कप्तान को बदलने की मांग भी कर डाली। लेकिन इन सबके बीच अब भारतीय टीम के पूर्व खिलाड़ी वासिम जाफर ने खुलकर कप्तान बदलने की मांग कर दी है।
जाफर ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'क्या यही समय है जब सफेद गेंद की कप्तानी रोहित शर्मा को सौंप दी जाए? मैं चाहूंगा कि वे 2023 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की कमान संभालें।
वसीम जाफर ने भारतीय टीम के लिए मात्र 2 एकदिवसीय और 31 टेस्ट मुकाबले खेले हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में वे 51 की औसत से 19 हजार से अधिक रन बना चुके हैं और 41 की उम्र में भी वे शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।