भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैचों की टेस्ट सीरीज नौ फरवरी से शुरू हो रही है। सीरीज का पहला मैच नागपुर में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस सीरीज से पहले अभ्यास मैच खेलने की बजाय खास तरीके से तैयारी कर रही है। कंगारू टीम बेंगलुरु में स्पिन पिच बनाकर टेस्ट सीरीज में स्पिन गेंदबाजों के खतरे से निपटने की तैयारी कर रही है।
भारतीय जमीन पर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड शानदार है। ऐसे में अश्विन से निपटने के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने महेश पिथिया को बुलाया है। महेश के गेंदबाजी करने का एक्शन बहुत हद तक रविचंद्रन अश्विन से मिलता है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम को उम्मीद है कि महेश पिथिया की गेंदों में अभ्यास करने से उन्हें अश्विन का सामना करने में मदद करेगी।
महेश पिथिया के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह अलग-अलग ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अभ्यास करा रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो देखकर पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने कहा कि टेस्ट सीरीज शुरू होने में अभी पांच दिन बचे हैं, लेकिन अश्विन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों के दिमाग में घुस चुके हैं।