दिग्गज बल्लेबाज वसीम जाफर ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी में बड़ौदा के खिलाफ शतक जमाकर इतिहास रच दिया। जाफर रणजी ट्रॉफी में 11,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
उन्होंने पहली पारी में 153 रन बनाए। यह जाफर के प्रथम श्रेणी करियर का 54वां शतक है। जाफर ने विदर्भ के कप्तान फैज फजल के साथ दूसरे विकेट के लिए 300 रन की साझेदारी की।
याद हो कि जाफर ही रणजी ट्रॉफी में 10,000 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। रणजी ट्रॉफी में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर जाफर के पुराने टीम साथी मुंबई के अमोल मजूमदार हैं। मजूमदार ने 9,202 रन बनाए हैं। बहरहाल, जाफर ने पिछले सीजन में भी विदर्भ को चैंपियन बनाने के लिए कई उम्दा पारियां खेली थीं।
बता दें कि विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी मैच के दूसरे दिन अपनी पहली पारी 529/6 के स्कोर पर घोषित की। विदर्भ की तरफ से कप्तान फैज फजल 151, वसीम जाफर 153 और अक्षय वाडकर नाबाद 102 रन ने आकर्षक शतक जमाए।
जाफर की पारी का अंत रनआउट से हुआ। जवाब में बड़ौदा ने स्टंप्स तक 14 ओवर में बिना किसी नुकसान के 41 रन बना लिए हैं। कप्तान केदार देवधर और आदित्य वाघमोरे क्रमश: 20-20 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।