दरअसल, कराची किंग्स की टीम की यह पिछले पांच मैचों में से चौथी हार थी। इनमें से तीन मैच कराची की टीम चेज करते हुए हारी है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुल्तान ने 20 ओवर में दो विकेट गंवाकर 196 रन बनाए। शान मसूद ने 33 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। वहीं, कप्तान मोहम्मद रिजवान ने 64 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के की मदद से 110 रन की नाबाद पारी खेली। राइली रूसो ने 21 गेंदों में 29 रन बनाए। वहीं, कीरोन पोलार्ड दो रन बनाकर नाबाद रहे।
जवाब में कराची किंग्स की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 193 रन ही बना सकी और तीन रन से मैच हार गई। मैथ्यू वेड ने 14 गेंदों में 20 रन, हैदर अली ने 17 गेंदों में 12 रन, शोएब मलिक ने 19 गेंदों में 13 रन की पारी खेली। जेम्स विंस ने 34 गेंदों में 75 रन और कप्तान इमाद वसीम ने 26 गेंदों में 46 रन की नाबाद पारी खेल अपनी टीम को जीत के करीब ले जाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। विंस के आउट होने के बाद बेन कटिंग 10 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हुए। कराची किंग्स 197 रन के लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी।
इस जीत के साथ मुल्तान सुल्तांस पांच में से चार जीत और आठ अंक के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। वहीं, कराची किंग्स पांच में से अब तक केवल एक जीत के साथ चौथे स्थान पर है। शाहीन अफरीदी की कप्तानी वाली लाहौर कलंदर्स तीसरे और बाबर आजम की कप्तानी वाली पेशावल जाल्मी चौथे स्थान पर है। इस्लामाबाद यूनाइटेड पांचवें और क्वेटा ग्लैडिएटर्स आखिरी यानी छठे स्थान पर है।