फिट हुए वाशिंगटन सुंदर ने गुरुवार को भारतीय टीम के दोपहर के नेट सत्र में जमकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया, जबकि टीम प्रबंधन अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार से शुरू होने वाली तीन मैच की सीरीज से पहले जसप्रीत बुमराह और नीतिश रेड्डी के टीम से जुड़ने का इंतजार कर रहा था। वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन और तिलक वर्मा ने चेन्नई में दलीप ट्रॉफी का फाइनल खेला। इसके कारण दिल्ली की भीषण गर्मी में प्रशिक्षण के लिए केवल 10 खिलाड़ी ही उपलब्ध थे।
नीतीश-बुमराह शुक्रवार को अभ्यास सत्र में होंगे शामिल
बुमराह चोट से उबर चुके हैं और उन्होंने मैदान पर वापसी से जुड़े सभी प्रोटोकॉल पूरे कर लिए हैं। वह नीतीश रेड्डी के साथ शुक्रवार से टीम के अभ्यास सत्र में शामिल होंगे। वाशिंगटन सुंदर और वरुण चक्रवर्ती ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले की निगरानी में सिंगल-विकेट ड्रिल में काफी गेंदबाजी की। वाशिंगटन ने मुख्य मैदान के अंदर सेंटर नेट्स में काफी नियंत्रित तरीके से गेंदबाजी की। हालांकि आयु वर्ग और डीपीएल टीम से चुने गए नेट गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी करते समय वह कुछ असहज नजर आए। उनके शॉट्स में टाइमिंग नहीं थी और बल्लेबाजी में सहजता भी साफ तौर पर नजर नहीं आई।
हर्षित राणा के स्थान पर टीम में शामिल किए गए यश ठाकुर ने भी स्पॉट बॉलिंग का अभ्यास करते हुए खूब पसीना बहाया। फिरोजशाह कोटला के ‘बी’ नेट्स में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने बारी-बारी से अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई का सामना किया। वहीं, 45 मिनट चले इस अभ्यास सत्र के दौरान अभिषेक शर्मा ज्यादा सहज नजर आए। उन्होंने स्पिनरों और दिल्ली के ऑफ-स्पिनर ऋतिक शौकीन के खिलाफ भी आक्रामक बल्लेबाजी की।
मोर्कल और वरुण
- फोटो : PTI
मोर्कल स्वदेश लौटे
भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल गुरुवार को उपस्थित नहीं थे क्योंकि वह श्रीलंका से अपने घर लौट गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने बताया, मोर्ने का वर्क वीजा खत्म हो गया था। उन्हें अपने वर्क वीजा के नवीनीकरण के लिए दक्षिण अफ्रीका वापस जाना पड़ा। हमें उम्मीद है कि वह अगले कुछ दिनों में लौट आएंगे।
क्यों हटाए जा रहे कमलेश जैन?
बीसीसीआई भारतीय टीम के वरिष्ठ फिजियो कमलेश जैन को हटाने की पूरी तैयारी में है। पिछले छह से आठ महीनों में खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने की घटनाओं ने टीम की योजनाओं को काफी प्रभावित किया है। सूत्र ने बताया, कमलेश का नोटिस पीरियड चल रहा है। चूंकि अफगानिस्तान सीरीज में एशियाई खेलों की टीम खेल रही है इसलिए फिजियो और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच ही जापान की यात्रा करेंगे।
माना जा रहा है कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और मुख्य कोच गौतम गंभीर द्वारा प्रमुख खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने को लेकर चिंता जताए जाने के बाद खेल विज्ञान टीम के किसी सदस्य को इसकी जिम्मेदारी लेनी पड़ी। फिजियो होने के कारण कमलेश जैन पिछले कुछ समय से सवालों के घेरे में थे।