पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच वकार यूनुस ने टी-20 विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बावजूद पद छोड़ने से इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि वह विलेन बनकर नहीं हटना चाहते।
वकार ने कहा कि मुझे विलेन बनाकर पेश किया जा रहा है। यदि बोर्ड मुझे हटाना चाहता है तो पहले मुझे लिखित में दे। मैं कोई मुद्दा नहीं बनाना चाहता लेकिन मैं इस तरह विदा नहीं होना चाहता।
पाकिस्तान टीम ने टी-20 विश्व कप से पहले एशिया कप में भी खराब प्रदर्शन किया था। वकार ने कहा कि टीम के प्रदर्शन में गिरावट को रोकने के लिए वह जो कर सकते थे, उन्होंने अपने तौर पर पूरे प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि मैंने कोच बनने के लिए कोई आग्रह तो नहीं किया था। नजम सेठी ने मेरा इंटरव्यू लिया था और मैंने अपनी संपूर्ण योजना उन्हें सौंपी थी जिसके बाद पाकिस्तान बोर्ड ने मुझे दायित्व दिया था।