भारतीय युवा निशानेबाजों ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए तीसरे दिन दो कांस्य पदक जीते। 16 वर्षीय विवान कपूर ने पुरुषों की ट्रैप की व्यक्तिगत स्पर्धा में कांसे पर निशाना साधने के बाद टीम स्पर्धा में भी लक्ष्य श्योरोण और अली अमन के साथ कांस्य पदक जीता। विवान का यह विश्व कप में पहला पदक है।
इटली में हुए पिछले विश्व कप में 18वें स्थान पर रहने वाले विवान ने फाइनल में 40 में से 30 शॉट लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। स्पर्धा का स्वर्ण पदक इटली के 18 वर्षीय मेटियो मरोनगुई ने शूटऑफ में चीन के ओयूयांग यिलियू को हराकर जीता। दोनों का स्कोर 39-39 से बराबर रहने के बाद शूटऑफ में यिलियू दूसरे शॉट में चूक गए।
टीम स्पर्धा में विवान (113), लक्ष्य (112) और अमन (103) ने 328 के कुल स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। ऑट्रेलिया (331) ने रजत और चीन (335) ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। व्यक्तिगत स्पर्धा में लक्ष्य और अमन क्वालिफिकेशन में क्रमश: आठवें और 13वें स्थान पर रहे। छठे स्थान पर रहे सैम : पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन के फाइनल में सैम जॉर्ज साजन क्रिस्टोफर रामेश (402.5) छठे स्थान पर रहे। हर्षित नौवें, सरताज सिंह 12वें और मिथलेश बाबू 13वें नंबर पर रहे। स्पर्धा का स्वर्ण चीन के झांग, रजत फिनलैंड के सबेस्टियन और कांस्य पदक हंगरी के जलान के खाते में गया।