विवियन रिचर्ड्स-डैरेन सैमी-अल्जारी जोसेफ
- फोटो : ICC-ANI-IANS
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज सर विवियन रिचर्ड्स ने तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और मुख्य कोच डैरेन सैमी से अपने मतभेद भुलाकर रिश्तों को फिर से मजबूत करने की अपील की है। उनका मानना है कि दोनों के बीच पैदा हुआ विवाद टीम और खिलाड़ियों के हित में जल्द खत्म होना चाहिए।
निजी कारणों से टेस्ट सीरीज से हटे थे अल्जारी जोसेफ
अल्जारी जोसेफ ने पाकिस्तान के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से निजी कारणों का हवाला देते हुए खुद को अलग कर लिया था। इसके बाद मुख्य कोच डैरेन सैमी ने कहा था कि जोसेफ ने चयन स्वीकार नहीं किया। इस बयान पर जोसेफ ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि यह बिना पूरे संदर्भ के दिया गया विवादित बयान था। फिलहाल वेस्टइंडीज की टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है और दूसरा टेस्ट मैच क्वींस पार्क ओवल में खेला जा रहा है।
'ऐसे बयान खिलाड़ियों के करियर को प्रभावित करते हैं'
एंटीगा ऑब्जर्वर से बातचीत में विवियन रिचर्ड्स ने कहा कि सार्वजनिक मंच से दिए गए ऐसे बयान किसी खिलाड़ी के पेशेवर करियर पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। उन्होंने कहा, 'अगर कोई बयान पूरी तरह सही नहीं है, तो उसका असर लंबे समय तक रहता है। डैरेन सैमी और अल्जारी जोसेफ के बीच सेंट लूसिया फ्रेंचाइजी के दौरान बेहद अच्छे संबंध थे। ऐसे में यह समझना मुश्किल है कि अब दोनों के रिश्तों में इतनी दूरी क्यों आ गई।'
'रिश्तों को दोबारा जोड़ने की जरूरत'
रिचर्ड्स ने कहा कि दोनों के बीच का रिश्ता सार्वजनिक तौर पर सामने आई बातों से कहीं बड़ा है और इसे सुधारने की जरूरत है। उन्होंने कहा, 'हम सभी से कभी न कभी गलतियां होती हैं। अगर दिल से कोशिश की जाए तो रिश्तों को दोबारा जोड़ा जा सकता है। टीम के हित में दोनों को साथ आना चाहिए।'
डैरेन सैमी के बयान पर भी उठाए सवाल
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने डैरेन सैमी के सार्वजनिक बयान पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अगर अल्जारी जोसेफ ने अपनी स्थिति पेशेवर तरीके से पहले ही स्पष्ट कर दी थी, तो इस तरह का बयान देना जरूरी नहीं था।
रिचर्ड्स ने कहा, 'मेरी राय में अल्जारी ने अपने फैसले और कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी दी होगी। हर कहानी के दो पहलू होते हैं। कोच का यह कहना कि खिलाड़ी ने चयन ठुकरा दिया, मेरी नजर में काफी बढ़ा-चढ़ाकर कही गई बात है। अगर पूरी प्रक्रिया पेशेवर तरीके से हुई थी, तो ऐसा सार्वजनिक बयान देने की आवश्यकता नहीं थी।'
विवाद खत्म होने की जताई उम्मीद
रिचर्ड्स ने उम्मीद जताई कि अल्जारी जोसेफ और डैरेन सैमी आपसी बातचीत के जरिए अपने मतभेद दूर करेंगे और वेस्टइंडीज क्रिकेट के हित में एक बार फिर सम्मान और विश्वास के साथ आगे बढ़ेंगे।