सहवाग की अंगुली की चोट ने टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी हैं। सहवाग को अभ्यास के दौरान अंगुली में चोट लग गई थी। कप्तान धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ इरफान पठान को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी थी। लेकिन उनका यह प्रयोग विफल रहा और इरफान सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे।
आस्ट्रेलिया के खिलाफ धोनी ऐसी गलती करने से बचना चाहेंगे। मंगलवार को भारतीय टीम के तीन घंटे लंबे अभ्यास सत्र के दौरान सहवाग ने बिल्कुल बल्लेबाजी नहीं की जबकि इरफान ने बल्लेबाजी में हाथ आजमाया। इस कारण आस्ट्रेलिया के खिलाफ सहवाग की टीम में वापसी को लेकर संशय की स्थिति बन गई है।
हालांकि टीम सूत्र के मुताबिक, ‘सहवाग बिल्कुल ठीक हैं और उन्होंने सिर्फ आराम करने के कारण अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया। सहवाग नहीं चाहते कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से पहले उनकी चोट बढ़ जाए।’