भारतीय वन-डे टीम से बाहर कर दिए गए दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग फार्म की तलाश के लिए अपनी घरेलू टीम दिल्ली की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी में खेल सकते हैं। सहवाग का 22 फरवरी से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू हो रहे टेस्ट सीरीज के लिए टीम में चुना जाना तय है। ऐसे में 24 वर्षीय ओपनर अपनी तैयारी को और मजबूत करने के लिए इस टूर्नामेंट में खेल सकते हैं। विजय हजारे में नार्थ जोन के मैच 13 फरवरी से हिमाचल प्रदेश में खेले जाएंगे।
पाकिस्तान के खिलाफ हुए वनडे सीरीज में सहवाग बड़ी पारी के लिए तरसते दिखे। सहवाग ने पाक के खिलाफ दो वन-डे में सिर्फ 35 रन बनाए। उनके खराब फॉर्म को देखते हुए आगामी 11 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू हो रहे वनडे सीरीज के शुरुआती तीन मैचों के लिए नहीं चुना गया है। चयनकर्ताओं ने सहवाग के स्थान पर सौराष्ट्र के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को टीम में जगह दी है।