टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज
वीरेंद्र सहवाग ने खिलाड़ियों को शीर्ष पर पहुंचाने के लिए आईपीएल को बहुत बड़ा श्रेय दिया है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनको शीर्ष स्तर पर लाने में आईपीएल ने अहम भूमिका निभाई है। इस दौरान सहवाग ने ऑलराउंडर
रविंद्र जडेजा, यूसुफ पठान, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर और ग्लेन मैक्सवेल का उदाहरण पेश किया।
39 वर्षीय सहवाग ने पीटीआई से बातचीत में कहा, 'मुझे लगता है कि आईपीएल ने भारतीय क्रिकेट को यही किया है कि इसने अनजान खिलाड़ियों को भारतीय क्रिकेट टीम में पहुंचाया। यदि वे अपनी प्रथम श्रेणी टीम के लिए खेलते तो उन्हें भारतीय टीम तक पहुंचने और इसमें खेलने में कम से कम पांच से 5-6 साल लग जाते, लेकिन आईपीएल के जरिये जिन खिलाड़ियों में प्रतिभा है और जिन्होंने महज एक सत्र में अच्छा किया और अगले साल वे टीम इंडिया का हिस्सा बन गये। इसमें आईपीएल ने अहम भूमिका अदा की है।'
आगे उन्होंने कहा, 'रविंद्र जडेजा इनमें से एक है और ऐसा ही यूसुफ पठान के साथ है। हाल में दीपक हुड्डा, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और बासिल थम्पी। आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के चलते इन्हें भारतीय टीम में शामिल किया गया।'