अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने विश्व कप 2023 के शेड्यूल का एलान कर दिया है। मुंबई में मंगलवार (27 जून) को एक कार्यक्रम में इसका खुलासा किया गया। इस दौरान भारत के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग और श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन मौजूद थे। सहवाग ने भारतीय टीम के लिए तीन विश्व कप खेले। 2003 में टीम इंडिया फाइनल में हार गई थी तो 2007 में पहले ही दौर में बाहर हो गई थी। उसके बाद 2011 में टीम महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीती थी।
सहवाग ने कार्यक्रम के दौरान 2011 विश्व की यादों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह हर मैच में चौके के साथ शुरुआत करना चाहते थे। वहीं, टीम इंडिया तब महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के लिए विश्व कप जीतना चाहती थी। इसके अलावा उन्होंने तत्कालीन कप्तान धोनी के बारे में दिलचस्प बात बताई। सहवाग ने कहा कि हर खिलाड़ी का अपना टोटका था और धोनी भी इससे अलग नहीं थे।
सहवाग ने क्या कहा?
सहवाग ने बताया कि धोनी ने पूरे टूर्नामेंट में खिचड़ी ही खाई थी। उन्होंने खुलासा किया कि टूर्नामेंट के अधिकांश मैचों में धोनी बल्ले से अच्छी फॉर्म में नहीं थे। हालांकि, जब भारत अपने मैच जीत रहा था तो उन्होंने 'खिचड़ी' खाने का टोटका जारी रखा। धोनी ने पूरे टूर्नामेंट में कोई बड़ी पारी नहीं खेली, लेकिन फाइनल में उन्होंने नाबाद 91 रन बनाकर टीम को चैंपियन बना दिया था।
सहवाग ने कहा, ''हर किसी का कुछ न कुछ टोटका था और हर कोई अपने टोटके का पालन कर रहा था। महेंद्र सिंह धोनी को पूरे विश्व कप के दौरान खिचड़ी खाने का टोटका जारी रखा था। वह कहते थे कि भले ही मैं रन नहीं बना रहा हूं लेकिन यह टोटका काम कर रहा है और हम मैच जीत रहे हैं।''
15 अक्तूबर को भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला
विश्व कप में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। टूर्नामेंट का आगाज पांच अक्तूबर को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच मैच से होगा। उद्घाटन और फाइनल मैच अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम खेला जाएगा। अन्य नौ जगह बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, धर्मशाला, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और पुणे हैं। अभ्यास मैचों की मेजबानी में गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम के साथ हैदराबाद को मिली है। भारत अपने अभियान की शुरुआत चेन्नई में आठ अक्तूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच से करेगा। भारत-पाकिस्तान महामुकाबला 15 अक्तूबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा।