एशिया कप में विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ 122 रन की पारी खेली और इसी के साथ उनके शतकों का सूखा खत्म हो गया। भारत के लिए पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने 61 गेंदों में 122 रन की नाबाद पारी खेली। अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में यह उनका पहला शतक था। आईपीएल को मिलाकर कोहली ने टी20 में कुल छह शतक लगाए हैं और सभी शतक पारी की शुरुआत करते हुए लगाए हैं। इसके बाद विराट से नियमित रूप से पारी की शुरुआत कराने की बात हो रही है। हालांकि, पूर्व भारतीय ओपनर वीरेन्द्र सहवाग इससे सहमत नहीं हैं।
वीरेन्द्र सहवाग ने अपने करियर की शुरुआत बतौर मध्यक्रम बल्लेबाज की थी, लेकिन बाद में उन्होंने ओपनिंग करनी शुरू की और उनका करियर बदल गया। रोहित शर्मा के साथ भी ऐसा ही हुआ था, लेकिन विराट के मामले में सहवाग पारी की शुरुआत कराने की बात पर सहमत नहीं हैं।
वीरेन्द्र सहवाग ने एक स्पोर्ट्स वेबसाइट से बातचीत के दौरान कहा कि एक मैच में टीम के कप्तान नहीं खेल रहे थे। ऐसे में राहुल द्रविड़ ने उनके साथ पारी की शुरुआत की थी और 160-170 रन बनाए थे। उन्होंने सहवाग के साथ लंबी साझेदारी की थी। इस लिहाज से तो द्रविड़ को भी पारी की शुरुआत करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसी वजह से विराट को भी पारी की शुरुआत नहीं करनी चाहिए।
इस मैच में टीम के कप्तान रोहित शर्मा नहीं खेल रहे थे। इस वजह से कोहली ने पारी की शुरुआत की, जब रोहित टीम में लौटेंगे तो उन्हें ही पारी की शुरुआत करनी चाहिए।
विराट से क्यों पारी की शुरुआत कराना चाहते हैं फैंस
टी20 क्रिकेट में पारी की शुरुआत करते हुए विराट कोहली का रिकॉर्ड शानदार है। आईपीएल में भी कोहली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए पारी की शुरुआत करते हैं। उनके फैंस और कई क्रिकेट पंडितों का मानना है कि अगर विराट पारी की शुरुआत करेंगे तो उन्हें ज्यादा गेंद खेलने का मौका मिलेगा। जब आप की टीम का सबसे बेहतरीन बल्लेबाज ज्यादा गेंद खेलता है तो बेहतर स्कोर की संभावना बढ़ जाती है। वहीं, सहवाग का कहना है कि टीम में हर खिलाड़ी का एक रोल होता है। विराट को रोल भारतीय पारी को संभालने और जरूरत के हिसाब से खेलने का है। ऐसे में रोहित पावरप्ले का सही फायदा उठा सकते हैं। वहीं, विराट एक छोर संभालकर लंबी पारी खेल सकते हैं।