टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले की जगह बीसीसीआई ने नए कोच की तलाश शुरू की। इसके लिए बीसीसीआई ने आवेदन की अंतिम तारीख 31 मई तय की थी। भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के पद के लिए पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टॉम मूडी ने अप्लाई किया है।
जानकारी के मुताबिक भारतीय कोच बनने की रेस में यह दोनों दिग्गज खिलाड़ी सबसे आगे माने जा रहे हैं। इन दोनों के अलावा लालचंद राजपूत, डोडा गणेश, रिचर्ड पायबस ने भी अप्लाई किया है। मौजूदा कोच होने के चलते अनिल कुंबले को इस चयन की प्रक्रिया में सीधे प्रवेश दिया गया है।
बता दें कि चयन पैनल में शामिल सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण ने अनिल कुंबले का चयन भारतीय कोच के रूप में किया था। इन्हें ही कोच कुंबले और कप्तान विराट कोहली के बीच वैचारिक मतभेद दूर करने की जिम्मेदीरी सौंपी गई थी। जानकारी के मुताबिक कुछ खिलाड़ियों को बीसीसीआई के अधिकारियों ने खुद कोच पद के लिए आवेदन करने को कहा था। वीरेंद्र सहवाग बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों के मनाने पर ही इसके लिए राजी हुए हैं।