यह मैच 23 अक्तूबर यानी छोटी दिवाली के दिन था। अगले दिन यानी सोमवार को दिवाली था। आमतौर पर लोग एक दिन पहले शॉपिंग करते हैं। हालांकि, रविवार को कोहली की बैटिंग ने दिवाली की शॉपिंग पर भी काफी असर डाला। चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर मिहिर वोहरा ने मैच के बाद एक ट्वीट किया और उन्होंने ग्राफ में दर्शाया कि किस तरह कोहली की पारी ने दिवाली शॉपिंग पर असर डाला।
मिहिर ने लिखा- विराट कोहली की बल्लेबाजी ने शॉपिंग रोक दी। रविवार को सुबह नौ बजे से लेकर शाम तक यूपीआई ट्रांजेक्शन ऊंचाइयों पर था। तब 15 प्रतिशत ज्यादा ट्रांजेक्शन हो रहे थे। जब पाकिस्तान की टीम बैटिंग के लिए आई तो यह थोड़ा (माइनस पांच प्रतिशत) गिर गया। इसके बाद जब भारतीय टीम बैटिंग के लिए आई तो यूपीआई ट्रांजेक्शन पूरी तरह माइनस में चला गया या यूं कहें रुक गया। मिहिर ने जो डेटा दिखाया, उसके मुताबिक माइनस 22.5 प्रतिशत के आसपास उस वक्त पेमेंट हो रहे थे। मैच के तुरंत बाद उसने फिर ऊंचाइयां छू लीं और वापस +5 प्रतिशत तक चला गया।
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में टीम इंडिया ने एक वक्त 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कोहली ने हार्दिक के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी निभाई। यह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में किसी भी विकेट के लिए टीम इंडिया की सबसे बड़ी साझेदारी है। हार्दिक 40 रन बनाकर आउट हुए। आखिरी ओवर में टीम इंडिया को 16 रन चाहिए थे और कोहली ने अश्विन के साथ मिलकर टीम इंडिया को जीत दिलाई।